अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई रेल सेवा शुरू होने जा रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह करेंगे. आम यात्रियों के लिए ट्रेन सेवा 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है.

यह ट्रेन अयोध्या और जनकपुर के बीच करीब 19 घंटे का सफर तय करेगी. धार्मिक मान्यताओं में अयोध्या को भगवान राम की जन्मस्थली और जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है. इसी वजह से इस सेवा को दोनों देशों के रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन से जोड़कर देखा जा रहा है.

उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों से होकर चलेगी

ट्रेन अयोध्या धाम से चलकर मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी. यह साप्ताहिक सेवा होगी. जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए ट्रेन शनिवार को और अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए सोमवार को रवाना होगी.

इससे नेपाल से अयोध्या आने वाले यात्रियों के अलावा बिहार के मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी क्षेत्र के यात्रियों को भी नया परिवहन विकल्प मिल सकता है. रास्ते के शहरों में होटल, परिवहन, दुकानों और स्थानीय कारोबार को धार्मिक पर्यटन बढ़ने से लाभ मिलने की संभावना है.

जयनगर में होगी पहचान और दस्तावेजों की जांच

भारत-नेपाल सीमा पार करने के कारण जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी. जनकपुर से अयोध्या आने वाली ट्रेन का जयनगर में करीब एक घंटे और अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन का करीब दो घंटे ठहराव रखा गया है. यात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक पहचान पत्र साथ रखने होंगे.

दोनों दिशाओं के यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट बनाए जाएंगे. इनमें नागरिकता और पहचान पत्र से जुड़ी जानकारी दर्ज होगी, जिसे जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को दिया जाएगा.

17 कोच, केवल कन्फर्म टिकट पर यात्रा

ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे. इनमें छह थर्ड एसी, दो सेकेंड एसी और सात स्लीपर कोच शामिल हैं. दो अन्य कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री जैसी सुविधाओं के लिए होंगे. ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल कोच नहीं होगा. आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी, इसलिए यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट पर यात्रा करनी होगी. वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग कोटा भी नहीं रखा गया है.

ट्रेन का आधिकारिक किराया अभी घोषित नहीं किया गया है.

भारत और नेपाल के बीच जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल सेवा पहले से चल रही है. यह सेवा 3 अप्रैल 2022 को शुरू हुई थी और इसके परिचालन वाले मार्ग की लंबाई करीब 52 किलोमीटर है. नई ट्रेन अयोध्या को सीधे जनकपुर धाम से जोड़कर दोनों देशों के रेल संपर्क का विस्तार करेगी.