नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को भारत की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचेंगे. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा होगी. कार्यक्रम के अनुसार, 22 नवंबर को उनकी विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात होगी. 23 नवंबर को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलेंगे.
दौरे के एजेंडे में व्यापार और वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा और जल, भौतिक तथा डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीक और इनोवेशन के साथ खेल से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. नेपाल इस यात्रा के दौरान बुनियादी ढांचे और पुनर्निर्माण के लिए भारत से 2 अरब डॉलर से अधिक की सहायता मांग रहा है. प्रस्ताव में 1 अरब डॉलर का रियायती कर्ज, 500 मिलियन डॉलर का अनुदान और पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास के लिए 500 मिलियन डॉलर शामिल हैं.
नेपाल के प्रधानमंत्रियों की भारत यात्राओं का क्रम
नेपाल के पहले निर्वाचित प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला ने नवंबर 1991 में भारत का दौरा किया था. उस समय व्यापार और ट्रांजिट समझौतों के साथ कर्णाली, पंचेश्वर और कोसी परियोजनाओं पर सहमति बनी थी. 1995 में मनमोहन अधिकारी और 1996 में शेर बहादुर देउबा भारत आए. देउबा की पहली यात्रा के दौरान महाकाली संधि और बिजली व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हुए.
कोइराला ने 2000 में फिर भारत का दौरा किया और कालापानी में भारतीय सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी तथा लक्ष्मणपुर बांध से नेपाल के बांके क्षेत्र में आई बाढ़ का मुद्दा उठाया. देउबा ने 2002 और 2004 में यात्राएं कीं. इन दौरों में माओवादी विद्रोह, 1950 की संधि, सीमा निर्धारण, बाढ़ नियंत्रण और व्यापार से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई. 2003 में सूर्य बहादुर थापा भारत आए थे.
2006 के बाद यात्राओं में विकास और सहायता पर जोर बढ़ा. गिरिजा प्रसाद कोइराला की मई 2006 की यात्रा के दौरान भारत ने नेपाल के लिए 100 मिलियन डॉलर के रियायती कर्ज की घोषणा की. 2008 में पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’, 2009 में माधव कुमार नेपाल और 2011 में बाबूराम भट्टराई भारत आए. भट्टराई की यात्रा में BIPPA पर हस्ताक्षर और प्रख्यात व्यक्तियों के समूह यानी EPG के गठन पर सैद्धांतिक सहमति बनी.
2014 में सुशील कोइराला, 2016 में केपी शर्मा ओली और पुष्प कमल दहल, 2017 में शेर बहादुर देउबा तथा 2018 में ओली ने भारत का दौरा किया. 2022 में देउबा और जून 2023 में प्रचंड की यात्रा हुई. 2023 में 10 वर्षों में नेपाल से 10,000 मेगावाट बिजली खरीदने, बांग्लादेश को बिजली निर्यात, जलमार्गों तक पहुंच और सीमा पार डिजिटल भुगतान सहयोग से जुड़े फैसले सामने आए थे.
