बांग्लादेश में बढ़ती राजनीतिक हिंसा के बीच चटगांव में नोबेल पुरस्कार विजेता और पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी गई. स्थानीय पुलिस के अनुसार, आग बुधवार देर रात पंचलैश इलाके में स्थित मकान के भूतल के एक खाली कमरे में लगी और बाद में बुझा दी गई. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

इससे पहले चटगांव के अनवारा और सतकानिया उपजिलों में ग्रामीण बैंक की दो शाखाओं को भी आग के हवाले किए जाने की सूचना मिली थी. देश के अन्य हिस्सों में भी ग्रामीण बैंक की शाखाओं और कार्यालयों पर आगजनी या तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं.

अवामी लीग के राष्ट्रव्यापी विरोध और लॉकडाउन के आह्वान से पहले ढाका में संदिग्ध देशी बम धमाकों की खबरें आईं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में 565 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं. झड़पों में चार लोगों की मौत की सूचना है.