ब्लैक सी में रोमानिया के क्षेत्रीय जल के बाहर एक तुर्की-स्वामित्व वाले नागरिक कार्गो जहाज पर रूसी ड्रोन हमले की सूचना है. हमले के बाद जहाज में आग लग गई. कम से कम दो चालक दल सदस्यों की मौत हुई, जबकि कई अन्य घायल बताए गए हैं. मृतकों की राष्ट्रीयता की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है.

भारतीय दूतावास के अनुसार, जहाज के चालक दल में तीन भारतीय नागरिक शामिल थे. इनमें से एक के घायल होने और रोमानिया के कॉन्स्टांटा काउंटी अस्पताल में इलाज की जानकारी दी गई. बाद में भारतीय राजदूत मनोज मोहपात्रा ने तीनों भारतीयों से बात की. मिशन के मुताबिक, सभी की हालत स्थिर है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल रही है.

भारत ने जताई कड़ी आपत्ति

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि ब्लैक सी से लेकर खाड़ी क्षेत्र तक नागरिक जहाजों पर हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है. उन्होंने दोहराया कि रूस-यूक्रेन संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति से होना चाहिए.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी जहाज पर सवार लोगों में अजरबैजानी और भारतीय नागरिकों के होने की बात कही है. उन्होंने बताया कि 11 चालक दल सदस्यों को बचाया गया, जिनमें एक घायल था.