यूक्रेन सीमा के पास रोमानिया के समुद्री क्षेत्र में एक व्यापारिक जहाज में धमाके के बाद आग लग गई. घटना ब्लैक सी में ड्रोन हमलों के बीच हुई है, लेकिन रोमानियाई अधिकारियों ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि आग ड्रोन हमले की वजह से लगी या इसका कोई अन्य कारण था.
रोमानिया के रक्षा मंत्री रादू मिरुत्सा के मुताबिक, रोमानियाई एयर डिफेंस रडार ने जहाज की दिशा में आते किसी ड्रोन का पता नहीं लगाया था. आग लगने के समय जहाज डेन्यूब नदी के मुहाने पर स्थित सुलिना शहर से करीब 10 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में था. चालक दल ने इसी क्षेत्र से मदद के लिए संदेश भेजा.
जहाज को ‘यारा जे’ बताया गया है और वह कोमोरोस के झंडे के साथ चल रहा था. जहाज पर सीरिया, भारत और ईरान के 17 लोग सवार थे. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इनमें से किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
बचाव टीम के पहुंचने से पहले ही चालक दल ने आग पर काबू पा लिया. इसके बाद जहाज रोमानिया के काला सागर तट पर स्थित कॉन्स्टांटा बंदरगाह की ओर बढ़ा. अधिकारियों के अनुसार, बंदरगाह पहुंचने के बाद आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी.
ब्लैक सी में जहाजों पर हमलों का बढ़ता खतरा
यह घटना ऐसे समय हुई है जब ब्लैक सी में व्यापारिक जहाजों पर ड्रोन हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं. करीब नौ दिन पहले अनाज से लदा एक तुर्की व्यापारिक जहाज रोमानिया के समुद्री आर्थिक क्षेत्र में स्फांतु घेओर्गे के पास ड्रोन हमले के बाद डूब गया था. उस घटना में चालक दल के दो सदस्यों की मौत हुई थी.
हाल के दिनों में पड़ोसी बुल्गारिया के समुद्री आर्थिक क्षेत्र में भी कई जहाज प्रभावित हुए हैं. रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद रोमानिया के हवाई क्षेत्र में कई बार ड्रोन देखे जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं.
