ऑस्ट्रेलिया में बॉन्डी बीच आतंकी हमले का पीड़ित बनकर मुआवजा लेने की कोशिश करने के आरोप में एक भारतीय नागरिक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार 46 वर्षीय सिम्सवेल सिरिल ने दावा किया था कि 14 दिसंबर 2025 को हुए हमले के दौरान वह छर्रे लगने से घायल हुआ था.

जांचकर्ताओं का कहना है कि सिरिल हमले के समय बॉन्डी बीच पर मौजूद ही नहीं था और उसे कोई शारीरिक चोट भी नहीं लगी थी. आरोप है कि उसने न्यू साउथ वेल्स सरकार की उस सहायता योजना के तहत झूठे और भ्रामक दावे जमा किए, जिसमें हमले में गोली या छर्रे से घायल लोगों के लिए 35,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक की एकमुश्त सहायता का प्रावधान है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सिरिल को पुलिस स्टेशन से आव्रजन हिरासत केंद्र ले जाया गया है. उसका वीजा संबंधी दर्जा भी जांच के दायरे में है और मामले के बाद उसे ऑस्ट्रेलिया से निर्वासन का सामना करना पड़ सकता है. पुलिस के आरोप अदालत में साबित होना बाकी हैं.