अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक ही दिन हुईं दो अलग-अलग वारदातों में पाब्स्ट ब्लू रिबन और गैर-अल्कोहलिक ओल्ड मिलवॉकी बीयर के करीब 34,000 कैन चोरी हो गए. पुलिस के मुताबिक, चोरी 17 अगस्त को लॉस एंजिल्स के पूर्व में स्थित एक वितरण केंद्र से हुई और माल की अनुमानित कीमत 70,000 डॉलर है.
मोंटक्लेयर पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाएं अनहेजर-बुश के एक वितरण केंद्र में हुईं. यह केंद्र लॉस एंजिल्स से करीब 40 मील यानी लगभग 65 किलोमीटर पूर्व में स्थित है. जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दोनों वारदातें अलग-अलग थीं या एक ही सुनियोजित ऑपरेशन का हिस्सा.
एक घंटे के अंतर से हुईं दोनों वारदातें
पुलिस के मुताबिक, पहली घटना में टक्सन, एरिजोना भेजी जाने वाली करीब 45,000 डॉलर की बीयर एक वाहन में लादी गई, लेकिन वह अपनी मंजिल तक नहीं पहुंची. इसके करीब एक घंटे बाद एक कथित सब-कॉन्ट्रैक्टिंग कंपनी ने लगभग 25,000 डॉलर की बीयर लेने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा किए.
लॉस एंजिल्स टाइम्स द्वारा देखी गई पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, चोरी हुए माल में पाब्स्ट ब्लू रिबन और गैर-अल्कोहलिक ओल्ड मिलवॉकी बीयर शामिल थीं. कुल मात्रा 1,500 से अधिक केस बताई गई है. रिपोर्ट में दर्ज कैन की संख्या करीब 34,000 है.
कंपनी ने सोशल मीडिया पर चलाया अभियान
पाब्स्ट ब्लू रिबन ने घटना को सोशल मीडिया पर हल्के-फुल्के अंदाज में प्रचार अभियान का रूप दे दिया. कंपनी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में चोरी हुए माल का वजन करीब 40,000 पाउंड यानी 18,145 किलोग्राम बताया और उसकी वापसी को लेकर काउंटडाउन शुरू किया.
कंपनी ने चोर को संबोधित करते हुए लिखा कि दोस्तों के सामने इतनी पाब्स्ट होने की बात पर उसे दोष नहीं दिया जा सकता, लेकिन बीयर हासिल करने का तरीका ईमानदार होना चाहिए था. साथ ही कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना वास्तविक है और वह इसे गंभीरता से ले रही है.
पुलिस ने अभी तक यह नहीं बताया है कि चोरी के मामले में किसी व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है या बीयर बरामद हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जांच का मुख्य बिंदु दोनों वारदातों के बीच संभावित संबंध और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल है.
