अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सांता एना में Professional Sports Authenticator (PSA) से लौट रहे ट्रेडिंग कार्ड के तीन पैलेट FedEx ट्रक से चोरी हो गए. पुलिस के अनुसार, ट्रक PSA मुख्यालय के बाहर करीब 90 मिनट तक बिना निगरानी के खड़ा था. इसी दौरान चोरों ने उसके ताले तोड़े और पैकेज निकाल लिए.

चोरी 13 अक्टूबर को हुई. उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार, दो पैलेट में लगभग 100-100 पैकेज थे, जबकि तीसरे पैलेट में करीब 50 पैकेज रखे थे. इन पैकेज में PSA द्वारा हाल ही में प्रमाणित और ग्रेड किए गए Pokémon तथा स्पोर्ट्स ट्रेडिंग कार्ड शामिल थे.

PSA ने पुलिस को बताया कि दो पैलेट में मौजूद कार्डों की अनुमानित कीमत करीब 9.63 लाख डॉलर थी. तीसरे पैलेट का मूल्यांकन अभी पूरा नहीं हुआ है. इसलिए चोरी हुए कार्डों की कुल कीमत 10 लाख डॉलर से अधिक होने की संभावना है, हालांकि अंतिम राशि की पुष्टि बाकी है.

सांता एना पुलिस विभाग मामले की जांच कर रहा है. PSA ने बताया कि चोरी हुए सामान से जुड़े प्रमाणपत्र निष्क्रिय कर दिए गए हैं और मार्केटप्लेस पार्टनर्स को दुर्लभ तथा सीरियल नंबर वाले कार्डों पर नजर रखने के लिए सूचित किया गया है.

PSA के अनुसार, ग्राहकों को चोरी हुए कार्डों के लिए अधिकतम बीमित मूल्य तक उचित बाजार मूल्य के आधार पर मुआवजा दिया जाएगा. हालांकि, कुछ कार्डों का मूल्य तय करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. एक ग्राहक ने बताया कि उसके 104 कार्ड चोरी हुए हैं, जिनकी कीमत 1 लाख डॉलर से अधिक है. इनमें error cards भी शामिल हैं, जिनकी बिक्री कीमत सामान्य अनुमान से काफी अलग हो सकती है.

PSA में ग्राहक कार्ड की प्रामाणिकता और स्थिति की जांच कराने के लिए भेजते हैं. अच्छी ग्रेडिंग मिलने पर कार्ड का बाजार मूल्य बढ़ सकता है.