कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी यूरोपीय संघ के साथ संबंधों को और गहरा करने के लिए कनाडा को ‘एसोसिएट सदस्य’ का दर्जा दिलाने की संभावनाएं तलाश रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह पूर्ण सदस्यता से अलग एक नई व्यवस्था हो सकती है, जिसका स्वरूप अभी तय नहीं हुआ है.

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यूरोपीय संघ इस विचार पर चर्चा के लिए तैयार है. प्रस्तावित सहयोग में ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसी रणनीतिक आपूर्ति शृंखलाओं में कनाडा और यूरोप के बीच आवाजाही आसान बनाने पर विचार शामिल है. दोनों पक्ष पानी के नीचे केबल, डेटा सेंटर, क्लाउड स्टोरेज और उपग्रह नेटवर्क जैसी संयुक्त बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर भी चर्चा कर सकते हैं.

कार्नी ने कुछ यूरोपीय नेताओं के साथ कनाडाई नागरिकों के लिए यूरोप में बिना वीजा रहने और काम करने की संभावनाओं पर भी बातचीत की है. हालांकि, कनाडाई सरकार या यूरोपीय आयोग ने इस प्रस्ताव पर औपचारिक सहमति की घोषणा नहीं की है. यह पहल अमेरिका के साथ व्यापारिक तनाव के बीच कनाडा के यूरोप की ओर रणनीतिक झुकाव का संकेत मानी जा रही है.