कनाडा के सरी शहर में रविवार रात वॉलमार्ट के बाहर कार में बैठे पंजाबी मूल के 23 वर्षीय युवक और 24 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना 15 नवंबर की रात करीब 10:38 बजे 124 स्ट्रीट और 88 एवेन्यू स्थित वॉलमार्ट की पार्किंग में हुई. दोनों लाल रंग की Ford Mustang में बैठे थे.
आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस के अनुसार, दोनों डेल्टा इलाके के निवासी थे. युवक की पहचान उसके परिवार को बता दी गई है, जबकि युवती की पहचान की प्रक्रिया जारी है. परिवार के मुताबिक, युवती युवक की गर्लफ्रेंड थी.
घटनास्थल से कुछ दूरी पर जली कार मिली
इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) के अनुसार, गोलीबारी के करीब 13 मिनट बाद रात 10:51 बजे प्रिंसेस ड्राइव के 9700 ब्लॉक में एक सफेद सेडान में आग लगने की सूचना मिली. पुलिस को संदेह है कि हमलावरों ने इस कार का इस्तेमाल किया हो सकता है और बाद में सबूत नष्ट करने के लिए उसे जलाया गया हो. हालांकि, कार की भूमिका की जांच अभी जारी है.
IHIT ने घटना को टारगेटेड हमला बताया है. जांचकर्ताओं को संभावित तौर पर संगठित अपराध से जुड़े संकेत मिले हैं, लेकिन पुलिस ने इसे गैंगवार घोषित नहीं किया है. पुलिस के अनुसार, मृतक युवक पहले हथियारों और आग्नेयास्त्रों से जुड़े मामलों में उसके रडार पर था.
मृतक युवक के पिता ने बताया कि उन्हें बेटे की हत्या की जानकारी तब मिली, जब वह ट्रक से कैलगरी से लौट रहे थे. परिवार के अनुसार, युवक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था.
पुलिस ने लोगों से घटना के समय के CCTV या डैशकैम फुटेज साझा करने की अपील की है. जानकारी IHIT की हेल्पलाइन 1-877-551-4448 या ईमेल ihitinfo@rcmp-grc.gc.ca पर दी जा सकती है.
