ब्रिटेन में चागोस द्वीपसमूह को लेकर कंजर्वेटिव पार्टी की नेता केमी बैडनॉक और Reform UK के नेता निगेल फराज के बीच राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. विवाद फराज के उस प्रस्ताव पर है, जिसमें उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कथित तौर पर एक ‘सौदे’ की पेशकश करने की बात कही थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फराज ने एक अमेरिकी पॉडकास्ट में कहा था कि वह अमेरिका को डिएगो गार्सिया सैन्य अड्डे के स्थायी इस्तेमाल की गारंटी देने की पेशकश करते. इसके बदले वह चाहते कि ट्रंप फॉकलैंड द्वीपों को लेकर बयानबाजी बंद कर दें. फराज ने डिएगो गार्सिया को अमेरिका के लिए बेहद रणनीतिक सैन्य अड्डा बताया और कहा कि ट्रंप कारोबारी होने के कारण इस तरह के लेन-देन को समझेंगे.
फराज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बैडनॉक ने कहा कि किसी के चुप रहने के बदले ब्रिटिश क्षेत्र सौंपना कोई सौदा नहीं, बल्कि ‘अपमानजनक’ है. उन्होंने कहा कि यह एक ऐसे व्यक्ति की लापरवाही भरी बयानबाजी है, जो ब्रिटेन की राष्ट्रीय सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालना चाहता है.
बैडनॉक ने चागोस द्वीपों और फॉकलैंड द्वीपों—दोनों को ब्रिटिश बताया. उन्होंने कहा कि फॉकलैंड द्वीप ब्रिटिश हैं और रहेंगे, चाहे अमेरिकी राष्ट्रपति कुछ भी कहें. उनके मुताबिक, जब ट्रंप सही हों तो ब्रिटेन को उनका समर्थन करना चाहिए, लेकिन गलत होने पर उन्हें बताने का आत्मविश्वास भी होना चाहिए.
इसके बाद फराज ने बैडनॉक और संबंधित रिपोर्टिंग पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया है और वह चागोस द्वीपों की संप्रभुता मॉरीशस को सौंपने के विरोधी हैं.
फराज के अनुसार, उनका प्रस्ताव पूरे चागोस द्वीपसमूह को अमेरिका को देने का नहीं, बल्कि डिएगो गार्सिया के स्थायी इस्तेमाल की पेशकश का था. उन्होंने दावा किया कि वह चागोस द्वीपों को ‘सौंपे’ जाने से रोकने के लिए सबसे मुखर नेताओं में रहे हैं.
