थाईलैंड के चियांग माई में होने वाले यी पेंग और लोय क्राथोंग उत्सवों के कारण हवाई यात्रियों को बड़े परिचालन बदलावों का सामना करना पड़ेगा. चियांग माई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अनुसार, 21 से 28 नवंबर के बीच 108 उड़ानें रद्द की गई हैं, जबकि 80 उड़ानों के समय या मार्ग में बदलाव किया गया है.
अधिकारियों के मुताबिक, इस अवधि में 2 लाख से अधिक आकाशीय लालटेन और धुआं छोड़ने वाले गुब्बारे छोड़े जाने की संभावना है. लालटेन उड़ान मार्गों और हवाई अड्डे के आसपास के सुरक्षा क्षेत्र में पहुंचकर विमानों के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं. इसी वजह से उड़ानों के संचालन को सीमित करने का निर्णय लिया गया है.
24 और 25 नवंबर को सबसे ज्यादा प्रतिबंध
उत्सव के दौरान सबसे अधिक लालटेन 24 और 25 नवंबर को छोड़े जाने की उम्मीद है. 24 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हवाई यातायात रोकने का निर्देश दिया गया है. इसके बाद 24 नवंबर की शाम 7 बजे से 25 नवंबर की सुबह 1 बजे तक भी विमानों का संचालन प्रभावित रहेगा.
सामान्य तौर पर हवाई अड्डा रोजाना करीब 20 घंटे संचालित होता है, लेकिन उत्सव के प्रमुख दिनों में परिचालन अवधि घटकर लगभग 12 घंटे रह जाएगी. इसके बावजूद औसतन प्रतिदिन करीब 210 उड़ानों को संभालने की योजना है. व्यस्ततम दिनों में यह संख्या 232 तक पहुंच सकती है. यात्रियों को टर्मिनल पर भीड़ और लंबी प्रतीक्षा का सामना करना पड़ सकता है.
यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए, प्रमुख लालटेन रिलीज अवधि के बाहर 105 विशेष अतिरिक्त उड़ानें संचालित करने की योजना भी बनाई गई है. हालांकि, सभी यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है.
लालटेन से विमानों को क्या खतरा
यी पेंग में इस्तेमाल होने वाली कागज की लालटेन को स्थानीय रूप से ‘खोम लोई’ कहा जाता है. इनके भीतर जलने वाली छोटी लौ गर्म हवा पैदा करती है, जिससे लालटेन ऊपर उठती है. यदि कोई लालटेन उड़ान मार्ग में पहुंच जाए, तो कागज या आग का हिस्सा विमान के इंजन में खिंच सकता है. इसके अलावा, जली हुई लालटेन के तार और अन्य अवशेष रनवे पर गिरकर विमानों के लिए खतरा बन सकते हैं.
हवाई अड्डा प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस, प्रांतीय प्रशासन और जिला कार्यालयों के साथ समन्वय किया है. पायलटों को सुरक्षा अलर्ट जारी किए गए हैं और ग्राउंड स्टाफ रनवे तथा एयरफील्ड की लगातार जांच करेगा. हवाई अड्डे के आसपास निर्धारित ‘रेड जोन’ में लालटेन छोड़ने पर रोक रहेगी.
यात्रियों के लिए सलाह
घरेलू यात्रियों को उड़ान से कम से कम दो घंटे पहले और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को तीन घंटे पहले हवाई अड्डे पहुंचने की सलाह दी गई है. ऑनलाइन चेक-इन और सेल्फ-सर्विस सुविधाओं का इस्तेमाल करने से समय बचाया जा सकता है. यात्रियों को होटल से निकलने से पहले उड़ान की ताजा स्थिति जांचनी चाहिए.
उत्सव के दौरान अतिरिक्त शटल, टैक्सी और राइड-शेयर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, लेकिन स्थानीय सड़कों पर यातायात बढ़ने की संभावना है.
