चीन ने लद्दाख की 28 जगहों के नाम तय करने के भारत के फैसले पर आपत्ति जताई है. चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि इन क्षेत्रों को भारत की ओर से नए नाम देने से जमीन पर मालिकाना हक नहीं बदलता. चीन ने इन इलाकों को अपना क्षेत्र बताया है.
माओ निंग के मुताबिक, चीन लद्दाख को भारत की ओर से बनाए गए केंद्र शासित प्रदेश के रूप में मान्यता नहीं देता. चीन ने भारत के इस कदम को गैरकानूनी बताया और कहा कि सीमा के पश्चिमी हिस्से में जिन इलाकों पर वह दावा करता है, उन पर नामकरण का कोई असर नहीं होगा.
भारत के गृह मंत्रालय ने 2 अक्टूबर को लद्दाख की 28 जगहों और क्षेत्रों के नाम आधिकारिक तौर पर तय किए थे. सरकार के अनुसार, इन नामों को सरकारी नक्शों और दस्तावेजों में शामिल करने का उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान को स्पष्ट और एकरूप बनाना है.
गोगरा और हॉट स्प्रिंग भी सूची में
नामित जगहों में गोगरा और हॉट स्प्रिंग शामिल हैं. ये पूर्वी लद्दाख के संवेदनशील इलाके हैं, जहां 2020 में भारत और चीन की सेनाओं के बीच तनाव बढ़ा था. सूची में पहाड़ और चोटियां, दर्रे, ग्लेशियर, जमीन के हिस्से, घाटियां और जल स्रोत शामिल हैं.
पहाड़ों और चोटियों में अतीशा गिरि, कनीष्क पीक, करुण पीर पर्वत, मार्तंड गिरि, द्रक कार्पो, रिनचेन जांगपो, जोरावर पीक और महेश्वररी के नाम शामिल हैं. चापचिंगल दर्रा, शाचमिरिक दर्रा, पारपिक ग्लेशियर और स्कामरी ग्लेशियर भी सूची में हैं.
ब्रांगसा, कुकसेल, देहरा कम्पास, कुमारायण पॉइंट, पंगलुंग और शमाल लुंगपा जमीन से जुड़े क्षेत्र हैं. श्कोर्गा घाटी, गुरु रिनपोछे झील और यांगपा नदी के साथ हॉट स्प्रिंग को घाटी और जल स्रोतों की श्रेणी में रखा गया है.
2020 के बाद से सीमा पर तनाव
मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में तनाव बढ़ा था. 5 मई को पैंगोंग झील के पास झड़प हुई और जून में गलवान घाटी में हिंसक टकराव हुआ. भारत के अनुसार, गलवान संघर्ष में उसके 20 सैनिक मारे गए. चीन ने फरवरी 2021 में अपने चार सैनिकों की मौत स्वीकार की थी. इसके बाद दोनों देशों ने तनाव कम करने और सैनिकों की वापसी के लिए बातचीत शुरू की; सैनिकों के पीछे हटने की प्रक्रिया 2022 में शुरू हुई.
भारत और चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश को लेकर भी विवाद है. चीन इस क्षेत्र के बड़े हिस्से को ‘जांगनान’ यानी दक्षिणी तिब्बत कहता है और वहां के स्थानों के चीनी नाम जारी करता रहा है. भारत का कहना है कि नाम बदलने से जमीन पर वास्तविक स्थिति नहीं बदलती.
