चीन की नौसैनिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के लिए रणनीतिक चुनौती बनती जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन के करीब 100 नौसैनिक जहाज हर दिन एशिया के अलग-अलग समुद्री इलाकों में सक्रिय रहते हैं. उसके बेड़े में 400 से अधिक युद्धपोत और पनडुब्बियां शामिल हैं.

जहाजों की संख्या के आधार पर चीन का नौसैनिक बेड़ा अमेरिकी नौसेना से करीब 35 फीसदी बड़ा बताया जा रहा है. चीन की यह क्षमता उसके बड़े जहाज निर्माण उद्योग से भी जुड़ी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन शिपयार्ड में व्यावसायिक जहाज बनाए जाते हैं, वहीं आधुनिक युद्धपोतों का निर्माण भी किया जा रहा है.

ताइवान से जापान तक नौसैनिक मौजूदगी

चीनी नौसैनिक जहाज दक्षिण चीन सागर, ताइवान के आसपास, फिलीपींस के पूर्वी समुद्री क्षेत्र और जापान के दक्षिणी तट तक सक्रिय बताए गए हैं. पश्चिमी प्रशांत के अलावा अदन की खाड़ी और आसपास के समुद्री इलाकों में भी चीनी जहाज लंबे समय तक तैनात रहते हैं.

ताइवान के एक अधिकारी की ओर से साझा किए गए नक्शे में 53 चीनी जहाजों को दिखाया गया था. इनमें 34 नौसैनिक युद्धपोत बताए गए. विमानवाहक पोत लियाओनिंग और उसके साथ चलने वाले जहाज फिलीपींस के पूर्व में देखे गए, जबकि कुछ अन्य जहाज ताइवान के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी तट के पास सक्रिय थे. जापानी रक्षा अधिकारियों ने तीन चीनी युद्धपोतों और एक तटरक्षक जहाज को ओसुमी स्ट्रेट से प्रशांत महासागर की ओर जाते हुए ट्रैक करने की जानकारी दी.

लंबे समय तक समुद्र में तैनाती

मीडिया रिपोर्ट्स में चीनी सैन्य विशेषज्ञों के हवाले से कहा गया है कि कुछ चीनी नौसैनिक टास्कफोर्स 300 दिनों से अधिक समय तक समुद्र में तैनात रह रहे हैं. बेहतर उपकरण, प्रशिक्षित चालक दल और मजबूत आपूर्ति व्यवस्था को इसकी वजह बताया गया है. जिबूती में चीन का सपोर्ट बेस और कंबोडिया में नई संयुक्त सुविधा भी दूर समुद्री अभियानों में मददगार बताई जाती है.

चीन का कहना है कि लियाओनिंग की पश्चिमी प्रशांत गतिविधियां नियमित वार्षिक सैन्य अभ्यास का हिस्सा हैं और किसी विशेष देश को निशाना बनाकर नहीं की जा रहीं.

ताइवान को अपना हिस्सा मानने वाला चीन शांतिपूर्ण एकीकरण की बात करता है, लेकिन बल प्रयोग की संभावना से इनकार नहीं करता. दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस के साथ विवाद और जापान के साथ तनाव के बीच उसकी बढ़ती नौसैनिक क्षमता क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरणों पर असर डाल रही है. अमेरिकी आकलन के अनुसार, आने वाले वर्षों में चीनी पनडुब्बियां हिंद महासागर और संभवतः अटलांटिक महासागर में भी नियमित रूप से सक्रिय हो सकती हैं.