अमेरिका की केंद्रीय खुफिया एजेंसी (CIA) ने 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों की 25वीं बरसी पर राष्ट्रपति के लिए तैयार की गई कई दर्जन गोपनीय दैनिक ब्रीफिंग सार्वजनिक की हैं. इन दस्तावेजों में हमलों से पहले ओसामा बिन लादेन और अल-कायदा से जुड़ी अमेरिकी खुफिया जानकारी, उनके नेटवर्क और संभावित खतरों का विवरण है.

CIA निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने इसे “असाधारण पारदर्शिता का कदम” बताया. उनके अनुसार, यह एजेंसी की ओर से सार्वजनिक की गई राष्ट्रपति दैनिक ब्रीफिंग की सबसे बड़ी खेप है. ये ब्रीफिंग सरकार के शीर्ष नेताओं के लिए खुफिया समुदाय तैयार करता है.

दस्तावेज फरवरी 1998 से 12 सितंबर 2001 तक के हैं. फरवरी 1998 की एक ब्रीफिंग का शीर्षक “आतंकवादी बड़े पैमाने पर विनाश के हथियार हासिल करने की कोशिश में” था. इसमें बिन लादेन और अन्य इस्लामी चरमपंथियों का उल्लेख किया गया था.

अमेरिकी ठिकानों पर हमले की आशंका

अप्रैल 1998 की एक रिपोर्ट में कहा गया कि अफगानिस्तान में तालिबान बिन लादेन को सौंपने के लिए तैयार नहीं था. रिपोर्ट के अनुसार, सोवियत कब्जे के दौरान मिली मदद के प्रति कृतज्ञता के कारण तालिबान उसके खिलाफ कार्रवाई करने से हिचक रहा था.

जुलाई 1998 में अधिकारियों ने आकलन किया कि बिन लादेन अमेरिका की जमीन पर हमला करने को प्राथमिकता दे सकता है. उसी दस्तावेज में रासायनिक और जैविक एजेंटों के इस्तेमाल में उसकी रुचि का उल्लेख था. दो महीने बाद एक ब्रीफर ने लिखा कि उसका पसंदीदा विकल्प वॉशिंगटन में हमला करना हो सकता है और अल-कायदा विस्फोटकों से भरे विमान को किसी अमेरिकी शहर में गिराने की कोशिश कर सकता है.

दिसंबर 1998 की ब्रीफिंग में संभावित विमान अपहरण की चर्चा थी. इसमें कहा गया कि बिन लादेन नेटवर्क के कुछ सदस्यों ने अपहरण का प्रशिक्षण लिया था और एक अज्ञात न्यूयॉर्क हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच से बचने का परीक्षण किया गया था.

जून 1999 तक खुफिया अधिकारियों को बिन लादेन के सहयोगियों द्वारा रेडियोधर्मी सामग्री वाले तथाकथित “डर्टी बम” के लिए सामग्री जुटाने और विस्फोटकों के प्रयोग की जानकारी थी. 2001 की शुरुआती ब्रीफिंग में जैविक एजेंट बनाने और इस्तेमाल करने के प्राथमिक स्तर के प्रयोगों का भी उल्लेख हुआ.

अगस्त 2001 की एक रिपोर्ट में अमेरिका में आतंकी हमलों के प्रति बिन लादेन की प्रतिबद्धता और न्यूयॉर्क में संघीय इमारतों की संदिग्ध निगरानी का जिक्र था. रिपोर्ट के मुताबिक, FBI देशभर में बिन लादेन से जुड़े करीब 70 पूर्ण जांच अभियान चला रही थी.

दस्तावेजों में नई जानकारी सीमित

कई दस्तावेजों में स्रोतों के नाम और पहचान से जुड़ी सूचनाएं हटाई गई हैं. उपलब्ध सामग्री से हमलों की योजना या अमेरिकी अधिकारियों की समझ के बारे में कोई बड़ा नया तथ्य सामने नहीं आया. 12 सितंबर 2001 की एक रिपोर्ट में एक स्रोत ने कहा था कि हमलों की योजना दो साल से बनाई जा रही थी और अमेरिकी कैपिटल को भी निशाना बनाया गया था.

हमलों के बाद बनी द्विदलीय आयोग की जांच ने CIA और FBI जैसी एजेंसियों के बीच सूचना साझा करने में कमी को रेखांकित किया था. इसके बाद राष्ट्रीय खुफिया निदेशक और नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर जैसे संस्थागत बदलाव किए गए. उसी दिन राष्ट्रीय अभिलेखागार ने भी आयोग से जुड़े दस्तावेजों का एक और संग्रह जारी किया, जिसमें क्लिंटन और बुश प्रशासन के राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के साक्षात्कार शामिल थे.