धर्मशाला स्थित केंद्रीय तिब्बती प्रशासन ने तिब्बतियों और दुनिया भर के बौद्धों से दलाई लामा के उत्तराधिकार की तैयारी शुरू करने की अपील की है. प्रशासन ने विदेशी सरकारों से भी ऐसी किसी पुनर्जन्म-प्रक्रिया को मान्यता न देने का आग्रह किया है, जिसे चीन नियंत्रित करे.
दलाई लामा के उत्तराधिकारी की पहचान और मान्यता को लेकर निर्वासित तिब्बती नेतृत्व और बीजिंग के बीच लंबे समय से मतभेद हैं. केंद्रीय तिब्बती प्रशासन का कहना है कि यह फैसला धार्मिक परंपरा के अनुसार होना चाहिए, न कि किसी राजनीतिक प्रक्रिया के जरिए.
दलाई लामा ने जुलाई 2025 के एक बयान में कहा था कि दलाई लामा संस्था जारी रहेगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि भविष्य के दलाई लामा को मान्यता देने का अधिकार गादेन फोद्रंग ट्रस्ट के पास होगा. इस प्रक्रिया में तिब्बती बौद्ध परंपराओं के प्रमुखों और संबंधित धार्मिक संस्थाओं से सलाह लेने की बात कही गई थी.
निर्वासित प्रशासन ने इसके साथ चीन के साथ संवाद और ‘मिडिल वे पॉलिसी’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई है. यह नीति चीन से पूर्ण स्वतंत्रता के बजाय तिब्बत के लिए वास्तविक स्वायत्तता की मांग पर आधारित है.
