ढाका में भारतीय हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि अगस्त 2024 में शेख हसीना को लेकर आए विमान को भारत में उतरने की अनुमति देने के अलावा नई दिल्ली के पास शायद ही कोई विकल्प था. उन्होंने कहा कि उस समय हसीना बांग्लादेश की प्रधानमंत्री थीं और पड़ोसी देश के तौर पर भारत का कर्तव्य था कि वह तत्काल बनी स्थिति को स्वीकार करे.
त्रिवेदी 3 अक्टूबर 2026 को ढाका में आयोजित ‘बे ऑफ बंगाल कन्वर्सेशन 2026’ के ‘पावर एंड प्रूडेंस’ सत्र में बोल रहे थे. उन्होंने स्पष्ट किया कि हसीना को भारत भारतीय वायुसेना या थलसेना नहीं लाई थी. उनके अनुसार, वह बांग्लादेशी सैन्य विमान से भारत पहुंची थीं और भारत ऐसी स्थिति के लिए पहले से तैयार नहीं था.
हसीना की बांग्लादेश वापसी और प्रत्यर्पण के सवाल पर त्रिवेदी ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया चल रही है और इसमें अदालतें शामिल हैं. इसलिए कोई निश्चित समयसीमा बताना संभव नहीं है. बांग्लादेश भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की औपचारिक मांग कर चुका है.
भारतीय हाई कमिश्नर ने कहा कि दोनों देशों के संबंध केवल लेन-देन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सांस्कृतिक जुड़ाव और आपसी भरोसे पर आधारित हैं.
