जिबूती के तट के पास प्रवासियों से भरी एक नाव के डूबने से कम से कम 139 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 15 बच्चे भी शामिल हैं. संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (IOM) के अनुसार, हादसे के बाद कई लोग अब भी लापता हैं.
नाव में 305 लोग सवार थे और यह जिबूती से यमन जा रही थी. गुरुवार रात ओबॉक बंदरगाह के पास नाव पलट गई. IOM ने बताया कि करीब 82 लोगों को बचाया गया है. मृतकों की संख्या पहले 109 बताई गई थी, लेकिन 30 और शव बरामद होने के बाद आंकड़ा बढ़कर 139 हो गया.
बचे हुए सभी लोगों के इथियोपियाई नागरिक होने की जानकारी दी गई है. स्थानीय अधिकारी मृतकों के दफन की व्यवस्था कर रहे हैं. IOM के अनुसार, ओबॉक स्थित उसके प्रतिक्रिया केंद्र में 64 बचे लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं और अपने परिवारों से संपर्क बहाल करने में सहायता दी जा रही है.
IOM के जिबूती मिशन प्रमुख अलेक्जेंडर कोइसाक ने इस घटना को बेहतर जीवन की तलाश में जोखिम उठाने वाले प्रवासियों के सामने मौजूद खतरों की गंभीर याद बताया. एजेंसी के मुताबिक, गरीबी, असुरक्षा और जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों के कारण हॉर्न ऑफ अफ्रीका से हजारों लोग हर साल खतरनाक समुद्री मार्ग से खाड़ी देशों तक पहुंचने की कोशिश करते हैं.
IOM के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में इसी मार्ग पर 900 से अधिक प्रवासी मारे गए या लापता हुए थे. उस वर्ष इस यात्रा का प्रयास करने वालों की संख्या में 18 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी. मार्च 2026 में भी ऐसी ही एक घटना में नौ लोगों की मौत और 45 लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी.
