इक्वाडोर के ग्वायाकिल शहर में प्रार्थना सभा के दौरान एक भारी लकड़ी का क्रॉस गिरने से पादरी पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी की मौत हो गई. घटना 17 अक्टूबर को आवर लेडी ऑफ परपेचुअल हेल्प चर्च में हुई. उस समय सभा का फेसबुक पर लाइव प्रसारण किया जा रहा था.
पादरी सांचेज मोलिनारी श्रद्धालुओं को जीवन की नश्वरता और ईश्वर व परिवार के साथ समय बिताने की अहमियत पर उपदेश दे रहे थे. उन्होंने कहा था कि इंसान को मोबाइल फोन पर बेवजह समय बिताने के बजाय ईश्वर और अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहिए.
उपदेश के बाद जब वह प्रार्थना कर रहे थे, तभी उनके पीछे दीवार पर लगा बड़ा क्रॉस अचानक अपनी जगह से उखड़कर उनके सिर के पिछले हिस्से पर गिर पड़ा. लाइव प्रसारण में उन्हें जमीन पर गिरते देखा गया. चर्च में मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और एंबुलेंस बुलाने की आवाजें सुनाई दीं, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.
ग्वायाकिल आर्चडायोसिस ने पादरी की मौत की पुष्टि करते हुए शोक व्यक्त किया. आर्चडायोसिस के अनुसार, सांचेज मोलिनारी आवर लेडी ऑफ परपेचुअल हेल्प चर्च में सेवा दे रहे थे और कॉन्ग्रिगेशन ऑफ द मोस्ट Holy Redeemer से जुड़े थे.
हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं
यह अभी स्पष्ट नहीं है कि क्रॉस दीवार से किस वजह से उखड़ा. चर्च प्रशासन या स्थानीय अधिकारियों की ओर से उसके लगाने में तकनीकी खामी, दीवार की स्थिति या सहारे से जुड़ी कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. पादरी के फेसबुक पेज पर 4,600 से अधिक फॉलोअर्स बताए गए हैं.
