मिस्र के गीजा प्रांत के अल-अय्यात जिले में रविवार को दो यात्री ट्रेनों की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और 88 यात्री घायल हुए. अधिकारियों के अनुसार, गीजा से फयूम जा रही ट्रेन संख्या 134, काहिरा से अस्वान जा रही ट्रेन संख्या 2010 के पिछले हिस्से से टकरा गई.

टक्कर कफ्र अम्मार और अल-रक्का स्टेशनों के बीच हुई. हादसे में कई डिब्बे पटरी से उतर गए. शुरुआती जानकारी में 64 लोगों के घायल होने की बात कही गई थी, लेकिन बाद के आधिकारिक अपडेट में मृतकों की संख्या चार और घायलों की संख्या 88 बताई गई.

घायलों को अल-वस्ता, अल-अय्यात और अतफीह के अस्पतालों में भर्ती कराया गया. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राहत और निकासी अभियान में 72 एंबुलेंस लगाई गईं. गीजा और बेनी सूफ प्रांतों के अस्पतालों को आपात तैयारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.

मिस्र की रेलवे प्राधिकरण ने क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और काहिरा-हाई डैम रेल लाइन पर सेवाएं बहाल करने के लिए आपात दल और क्रेन भेजे हैं. हादसे के कारण और जिम्मेदारी की जांच की जा रही है.