मिस्र की एक अदालत ने टीवी प्रस्तोता सारा खलीफा समेत 12 लोगों को ड्रग्स बनाने और उनकी तस्करी से जुड़े मामले में मौत की सजा सुनाई है. सरकारी मीडिया के अनुसार, 39 वर्षीय खलीफा पर एक संगठित आपराधिक गिरोह बनाने और मादक पदार्थों के निर्माण के लिए सामग्री जुटाने का आरोप था.

खलीफा को मिस्र में सुरक्षा और अपराध से जुड़े मुद्दों पर आधारित कार्यक्रम ‘मिशन इम्पॉसिबल’ के लिए जाना जाता है. वह एक कॉस्मेटिक सर्जरी क्लिनिक और पार्टियों तथा कार्यक्रमों के आयोजन से जुड़ी एक प्रोडक्शन कंपनी की भी मालिक हैं.

अदालत ने किन आरोपों पर सुनाई सजा

सरकारी अखबार अल-अहराम के मुताबिक, काहिरा की अदालत ने खलीफा और 11 अन्य आरोपियों को मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री हासिल करने, उनका निर्माण करने और तस्करी के इरादे से रखने के आरोप में मौत की सजा सुनाई. मामले में बिना लाइसेंस के हथियार और गोलियां रखने के आरोप भी शामिल थे.

सरकारी अखबार अखबार अल-यूम के अनुसार, अभियोजन पक्ष का आरोप था कि आरोपियों ने विदेश से कच्ची सामग्री मंगाकर सिंथेटिक ड्रग्स तैयार किए और उन्हें बेचने की योजना बनाई.

750 किलोग्राम से ज्यादा सामग्री जब्त करने का दावा

अल-अहराम की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने 750 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ और उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सामग्री जब्त की. जांच के दौरान दो ऐसे अपार्टमेंट मिलने की बात भी कही गई है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर प्रयोगशालाओं के रूप में किया जा रहा था. इन जगहों से बिना लाइसेंस के हथियार और गोलियां मिलने का भी दावा किया गया.

मिस्र के कानून के तहत मौत की सजा वाले मामलों में अदालत को देश के ग्रैंड मुफ्ती से धार्मिक राय लेनी होती है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में अदालत ने फैसला सुनाने से पहले यह प्रक्रिया पूरी की.

फैसला अपील के अधीन

मौत की सजा का यह फैसला अंतिम नहीं है और आरोपी इसके खिलाफ अपील कर सकते हैं. इसलिए अदालत के फैसले में लगाए गए आरोपों और अंतिम कानूनी परिणाम के बीच अंतर बना हुआ है.

अदालत ने खलीफा और कुछ अन्य आरोपियों को एक अलग मामले में एक युवक के अपहरण और उसके साथ मारपीट के लिए पांच साल की जेल की सजा भी सुनाई है.

मिस्र में पहले से सोची-समझी हत्या, आतंकवाद, बलात्कार के कुछ मामलों और ड्रग्स की तस्करी जैसे अपराधों में मौत की सजा का प्रावधान है. मिस्र के मानवाधिकार संगठन मिस्रियन कमीशन फॉर राइट्स एंड फ्रीडम्स के अनुसार, 2025 में देश में 541 मौत की सजाएं सुनाई गई थीं.