एलन मस्क ने यूक्रेन में Starshield सेवा की गति और इस्तेमाल पर लगी कथित सीमाओं की जिम्मेदारी ट्रंप प्रशासन पर डालते हुए कहा है कि इन फैसलों में SpaceX की स्वतंत्र भूमिका नहीं है.

मस्क ने सोशल मीडिया पर कहा कि Starshield सिस्टम अमेरिकी सरकार के स्वामित्व और नियंत्रण में हैं. उनके मुताबिक, सेवा की गति या उपयोग पर किसी भी तरह की सीमा अमेरिकी सेना और अंततः राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तय करते हैं.

यूक्रेनी अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि सैन्य इस्तेमाल वाले सैटेलाइट टर्मिनलों पर अचानक प्रतिबंधों से ड्रोन संचालन और रूसी हमलों के खिलाफ रक्षा क्षमता प्रभावित हो सकती है. अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ टर्मिनलों की कनेक्टिविटी तेज गति से चलने पर सीमित होने की शिकायत सामने आई है.

मस्क ने यह भी कहा कि वाणिज्यिक Starlink सेवा का इस्तेमाल नागरिक या रक्षात्मक गतिविधियों तक सीमित है और इसे आक्रामक सैन्य अभियानों के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता. हालांकि, प्रतिबंधों की पूरी सीमा और उनके व्यावहारिक प्रभाव पर अमेरिका की ओर से विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है.