इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में एक सिख बस ड्राइवर पर हमला कर उसे चलती बस से बाहर निकाल दिया गया. इसके बाद आरोपी बस लेकर फरार हो गया और कुछ दूरी पर कई वाहनों से टकरा गया. पुलिस ने बाद में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
घटना शुक्रवार शाम श्रॉपशायर के मेडली इलाके में कोर्ट स्ट्रीट पर हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आरोपी बस को पार्क वे से हाई स्ट्रीट की ओर गलत दिशा में चला रहा था. इस दौरान बस कई वाहनों से टकराई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
ड्राइवर को मामूली चोटें आईं और पैरामेडिक्स ने उसका उपचार किया. पुलिस ने बताया कि किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है. अधिकारियों ने बस को रोककर करीब 20 वर्ष की उम्र के एक व्यक्ति को लूट और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के संदेह में हिरासत में लिया.
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि उनके पास डैशकैम, CCTV, मोबाइल फोन या डोरबेल कैमरे की फुटेज हो तो उसे जांच में साझा करें. आरोपी अभी पुलिस हिरासत में है और उस पर आरोप तय होने की जानकारी उपलब्ध नहीं है.
