जेफ्री एपस्टीन के शोषण से बचे एक दर्जन से अधिक लोगों ने अमेरिकी अरबपति और निजी इक्विटी निवेशक लियोन ब्लैक से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की ओवरसाइट कमेटी के सामने पेश होने की अपील की है. सर्वाइवर्स ने यह मांग गुरुवार को होने वाली प्रस्तावित गवाही से पहले की है, ताकि एपस्टीन के साथ ब्लैक के संबंधों और उनके पास मौजूद दस्तावेजों की जांच हो सके.
बुधवार को जारी एक पत्र में सर्वाइवर्स ने ब्लैक से कांग्रेस के समन का पूरी तरह पालन करने को कहा. पत्र में खास तौर पर उन सभी गैर-प्रकटीकरण समझौतों (NDAs) को सौंपने की मांग की गई है, जो एपस्टीन या उसके करीबी लोगों से संबंधित हो सकते हैं.
NDAs और रिकॉर्ड को लेकर जांच
पत्र में कहा गया कि ब्लैक का NDAs का इस्तेमाल इस बात को रेखांकित करता है कि कांग्रेस को इन समझौतों की जांच करनी चाहिए. सर्वाइवर्स के मुताबिक, इन दस्तावेजों से एपस्टीन और उसके संपर्कों के साथ ब्लैक के संबंधों पर रोशनी पड़ सकती है.
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ब्लैक संबंधित रिकॉर्ड रोकते हैं या समिति की मांगों का पालन करने से इनकार करते हैं, तो कांग्रेस को समन लागू कराने के लिए उपलब्ध सभी अधिकारों का इस्तेमाल करना चाहिए.
ब्लैक ने एपस्टीन को कर और संपत्ति नियोजन से जुड़ी सेवाओं के लिए करोड़ों डॉलर का भुगतान किया था. ब्लैक ने पहले समिति को दिए बयान में कहा था कि उन्हें एपस्टीन की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुलाई 2019 में उसके यौन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार होने तक नहीं थी. हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि उन्हें एपस्टीन के 2008 में नाबालिग से जुड़े वेश्यावृत्ति मामले में दोष स्वीकार करने की जानकारी थी.
समिति ने दी अवमानना की चेतावनी
हाउस ओवरसाइट कमेटी के रिपब्लिकन अध्यक्ष जेम्स कॉमर ने पिछले सप्ताह संकेत दिया था कि अगर ब्लैक जांच में पूरा सहयोग नहीं करते हैं, तो उन्हें कांग्रेस की अवमानना का सामना करना पड़ सकता है.
रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार तक ब्लैक ने समिति के सामने अपनी उपस्थिति की पुष्टि नहीं की थी. प्रस्तावित गवाही एपस्टीन मामले से जुड़े संबंधों, रिकॉर्ड और कांग्रेस के समन के पालन की जांच का हिस्सा है.
इस बीच, केंटकी के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने सदन में एपस्टीन के कुछ मित्रों और सहयोगियों के नाम पढ़े. उन्होंने न्याय विभाग से उन लोगों की जांच करने की मांग की, जिन्हें उन्होंने एपस्टीन के अपराधों से जुड़े “perpetrators” कहा. मैसी ने यह भी दावा किया कि एपस्टीन से जुड़ी लाखों फाइलें अब तक सार्वजनिक नहीं की गई हैं.
