ईरान युद्ध और मध्य-पूर्व से आपूर्ति में व्यवधान के कारण यूरोप के जेट ईंधन बाजार पर दबाव बढ़ गया है. विश्लेषकों के अनुसार, यूरोप को 2026 की चौथी तिमाही में रोजाना करीब 5.1 लाख बैरल जेट ईंधन की कमी का सामना करना पड़ सकता है.

यूरोप अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा करता है. संघर्ष के बाद मध्य-पूर्व से होने वाले आयात में भारी गिरावट आई और यूरोप की जेट ईंधन आपूर्ति का लगभग आधा हिस्सा प्रभावित हुआ. इसके बाद नाइजीरिया, अमेरिका और कनाडा से आयात बढ़ाया गया है.

दक्षिण कोरिया भी यूरोप को निर्यात बढ़ाने वाले प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं में शामिल हो गया है. सितंबर में वहां से यूरोप का जेट ईंधन आयात करीब 1.29 लाख बैरल प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है, जो अक्टूबर 2022 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर होगा.

हालांकि, यूरोपीय संघ में तत्काल व्यापक ईंधन कमी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. यूरोपीय आयोग ने पहले कहा था कि लंबे समय तक संघर्ष जारी रहने पर जेट ईंधन की कमी से उड़ानों और ईंधन भरने की व्यवस्था पर असर पड़ सकता है.