रूस के साथ लंबे समय तक चलने वाले युद्ध में यूरोप की मौजूदा सैन्य और राजनीतिक तैयारी टिकाऊ नहीं हो सकती. द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, NATO के साथ काम कर रहे रक्षा योजनाकारों ने यूरोप की ‘war readiness’ और लंबे युद्ध के लिए जनता के सीमित समर्थन को लेकर चिंता जताई है.
यह आकलन म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस से जुड़े एक मंच पर सामने आया. अधिकारियों के मुताबिक, यदि रूस के साथ सैन्य संघर्ष हुआ तो NATO की योजना अपेक्षाकृत कम अवधि वाले युद्ध पर केंद्रित करनी पड़ सकती है, क्योंकि यूरोपीय समाज लंबे समय तक चलने वाले युद्ध का बोझ उठाने के लिए तैयार नहीं दिखते.
हाइब्रिड युद्ध को लेकर बढ़ती चिंता
चर्चा में यह आशंका भी व्यक्त की गई कि रूस यूरोप के खिलाफ कथित हाइब्रिड युद्ध में बढ़त बना रहा है. हाइब्रिड युद्ध से यहां साइबर हमलों, सोशल मीडिया के जरिए प्रभाव डालने, दुष्प्रचार, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने और चुनावी प्रक्रियाओं में संभावित हस्तक्षेप जैसे गैर-पारंपरिक तरीकों का संकेत है.
रिपोर्ट के अनुसार, एक पूर्व ब्रिटिश कैबिनेट मंत्री ने निजी चर्चा में कहा कि पश्चिमी देशों ने जनता को रूस से जुड़े खतरे और हाइब्रिड संघर्ष के पैमाने के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं दी. एक ब्रिटिश राजनयिक ने भी आरोप लगाया कि लगातार आने वाली सरकारें इस खतरे को जनता के सामने स्पष्ट करने में विफल रही हैं.
इसका सीधा असर रक्षा बजट पर पड़ने वाली बहस पर हो सकता है. यूरोपीय सरकारों को रक्षा खर्च बढ़ाने के लिए कल्याणकारी योजनाओं में कटौती जैसे कठिन फैसलों को जनता के सामने समझाना होगा. लेकिन अधिकारियों के मुताबिक, मतदाताओं के बीच इस तरह के फैसलों के लिए पर्याप्त तैयारी या राजनीतिक सहमति नहीं है.
यूरोप में राजनीतिक ध्रुवीकरण का असर
चर्चा में यूरोप के प्रमुख सैन्य देशों में लोकलुभावन और दक्षिणपंथी दलों के बढ़ते समर्थन को भी सुरक्षा नीति के लिए चुनौती बताया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, जर्मनी की Alternative für Deutschland समेत कई लोकलुभावन दल रूस के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रुख रखते हैं और यूक्रेन संघर्ष खत्म करने की मांग करते हैं.
अधिकारियों को आशंका है कि रूस से जुड़े कथित प्रभाव और घरेलू राजनीतिक असंतोष का मेल आने वाले चुनावों में रक्षा सहयोग तथा यूक्रेन नीति को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि यूरोप की समस्याओं को केवल रूसी दुष्प्रचार से जोड़ना सही नहीं होगा. कम वेतन, महंगाई और यूक्रेन युद्ध की लागत को लेकर जनता की थकान जैसी वास्तविक चिंताएं भी राजनीतिक असंतोष को बढ़ा रही हैं.
इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने कहा कि देश रोजाना साइबर हमलों का सामना कर रहा है और आगामी राष्ट्रीय चुनावों में संभावित रूसी हस्तक्षेप की आशंका से इटली अछूता नहीं है. इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने भी रूस की कथित गतिविधियों को नजरअंदाज करना गंभीर गलती बताया. उनके अनुसार, सोशल मीडिया, बॉट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, डेटाबेस और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे जैसे कई क्षेत्रों में प्रभाव डाला जा सकता है.
पांच यूरोपीय देशों के सहयोग की योजना
म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस यूरोप की पांच प्रमुख सैन्य शक्तियों के बीच अधिक करीबी समन्वय का समर्थन कर रहा है. इस समूह में ब्रिटेन भी शामिल है, ताकि यूरोपीय रक्षा योजना में वह यूरोपीय संघ से बाहर होने के बावजूद केंद्रीय भूमिका निभा सके.
इन देशों के रक्षा मंत्री पहले से नियमित बैठक करते हैं, लेकिन संयुक्त रूप से एकीकृत वायु और मिसाइल रक्षा, लंबी दूरी की सटीक मारक क्षमता तथा अंतरिक्ष-आधारित शुरुआती चेतावनी प्रणालियां विकसित करने पर बातचीत अभी शुरुआती चरण में है. इन क्षमताओं के लिए यूरोप अब तक काफी हद तक अमेरिका पर निर्भर रहा है.
म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष वोल्फगैंग इशिंगर ने यूरोप में रक्षा एकीकरण बढ़ाने की जरूरत बताई. उनके अनुसार, यूरोप ऐसे समय में ठहराव का सामना कर रहा है जब बाहरी सुरक्षा चुनौतियां गंभीर रूप ले रही हैं.
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका यूरोप की पारंपरिक रक्षा में अपनी सैन्य प्रतिबद्धताओं को कम करने पर फैसला आने वाले महीनों में कर सकता है. ऐसे में यूरोपीय देशों को अपनी रक्षा क्षमता और राजनीतिक इच्छाशक्ति, दोनों पर तेजी से काम करना होगा. हालांकि, यह भी आशंका है कि अमेरिका NATO के भीतर यूरोप के अधिक मजबूत और स्वतंत्र रक्षा स्तंभ को लेकर सहज नहीं होगा.
