फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो ने कहा है कि सांसदों के घरों में हुई संदिग्ध घुसपैठ की घटनाओं के पीछे किसी विदेशी ताकत की भूमिका हो सकती है. पुलिस के अनुसार, हेलसिंकी इलाके में पिछले एक साल के दौरान कई सांसदों के घरों में घुसने की शिकायतें मिली हैं. इन मामलों में सामान चोरी नहीं हुआ, लेकिन घरों में जबरन प्रवेश के हल्के संकेत मिले हैं.
एक पत्रकार के सवाल पर ओर्पो ने विदेशी ताकत की संभावित भूमिका को ‘काफी संभव’ बताया. उन्होंने कहा कि अगर कोई फिनलैंड को अस्थिर करने, लोगों की सुरक्षा भावना को प्रभावित करने या यूक्रेन के समर्थन को कमजोर करने की कोशिश करता है, तो उसका उलटा असर हो सकता है और देश में एकता मजबूत हो सकती है.
ओर्पो ने कहा कि घटनाओं की जांच पुलिस और सरकार के स्तर पर की जाएगी और इन्हें गंभीरता से लिया जा रहा है. फिनलैंड में संसदीय चुनाव करीब छह महीने बाद होने हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनावों में हस्तक्षेप के जोखिम को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने यूरोप के कई देशों में रूस द्वारा चुनावों को प्रभावित करने की कोशिशों का भी उल्लेख किया, हालांकि इन घटनाओं में किसी देश की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है.
फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने कहा कि किसी सांसद पर हमला लोकतंत्र पर हमला है. संसद अध्यक्ष जूसी हाला-अहो ने संदिग्ध मामलों की सटीक संख्या बताने से इनकार किया, लेकिन उन्हें ‘महत्वपूर्ण’ बताया. उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार कभी-कभी राज्य-समर्थित तत्वों से जुड़ा हो सकता है, मगर फिलहाल अटकल लगाने के लिए पर्याप्त जानकारी नहीं है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ मामलों में घरों के दरवाजे खुले मिले या लाइटें जलती छोड़ी गईं. हेलसिंकी पुलिस ने कहा कि उसे संसद से जानकारी मिली है और उसने शुरुआती जांच शुरू कर दी है. पुलिस राष्ट्रीय जांच ब्यूरो के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है.
