जर्मनी, ऑस्ट्रिया, नीदरलैंड्स, डेनमार्क और ग्रीस ने रवांडा में ऐसे ‘रिटर्न हब’ बनाने की योजना घोषित की है, जहां यूरोप में रहने का कानूनी अधिकार खो चुके लोगों को अस्थायी तौर पर रखा जा सकेगा. पांचों देशों ने कहा है कि रवांडा के साथ योजना लागू करने के लिए ठोस बातचीत शुरू होगी.

यह पहल यूरोपीय संघ के नए रिटर्न कानून के तहत की जा रही है. इस कानून के अनुसार, जिन लोगों की अपील के सभी रास्ते खत्म हो चुके हैं और जिन्हें यूरोप से हटाया जाना है, उन्हें किसी तीसरे देश भेजने की व्यवस्था की जा सकती है. प्रस्तावित पायलट योजना में अगले साल की शुरुआत से करीब 100 लोगों को रवांडा भेजकर मॉडल का परीक्षण किए जाने की उम्मीद है.

योजना के तहत ऐसे वयस्कों को शामिल किया जाएगा, जिनके शरण दावे खारिज हो चुके हैं या जिनके पास यूरोपीय संघ में रहने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है. राजनयिक सूत्रों के अनुसार, उन्हें रवांडा के एक खुले रिसेप्शन सेंटर में कुछ महीनों तक रखा जा सकता है. इसके बाद उनके पास रवांडा में बसने या अपने मूल देश लौटने का विकल्प होने की बात कही गई है.

पांचों सरकारों का तर्क है कि इससे यूरोपीय शरण प्रणाली की रक्षा होगी, अनियमित प्रवासन के लिए प्रोत्साहन कम होगा और मानव तस्करों के नेटवर्क पर असर पड़ेगा. डेनमार्क के आव्रजन मंत्री मोर्टेन बोड्सकोव ने इसे बड़ी सफलता बताया. जर्मनी के गृह मंत्री अलेक्जेंडर डोब्रिंट ने कहा कि यह व्यवस्था उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिनके पास यूरोप में रहने का अधिकार या अपने देश लौटने की व्यावहारिक संभावना नहीं है.

हालांकि, योजना को कानूनी और नैतिक विरोध का सामना करना पड़ रहा है. आलोचकों ने रवांडा की सरकार के मानवाधिकार रिकॉर्ड, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जबरन मजदूरी से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया है. स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने इसे भविष्यहीन और अमानवीय बताया. फ्रांसीसी ग्रीन सांसद मेलिसा कैमारा ने कहा कि लोगों को यूरोपीय संघ से हजारों किलोमीटर दूर भेजने से उनके अधिकारों की गारंटी पर गंभीर सवाल उठेंगे.

यूरोप की मानवाधिकार संस्था काउंसिल ऑफ यूरोप के महासचिव एलेन बेरसेट ने कहा कि किसी भी प्रस्ताव का आकलन यूरोपीय मानवाधिकार संधि के अनुरूप किया जाना चाहिए. योजना से जुड़े अधिकारी कानूनी चुनौतियों की आशंका जता रहे हैं, जबकि प्रवासी अधिकार संगठनों का कहना है कि यह मॉडल लोगों को उनके जीवन और सामाजिक संबंधों से अलग कर देगा.