अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित ऑरलैंडो में एक पेशेवर MMA इवेंट मुकाबले से ज्यादा यहूदी-विरोधी टिप्पणी, नाजी प्रतीक के प्रदर्शन और दर्शकों के बीच हुई झड़पों को लेकर चर्चा में है. शनिवार को Kia Center में हुए Duel Arena किकबॉक्सिंग इवेंट के मुख्य मुकाबले के बाद फाइटर पॉल मिलर ने अपने पराजित प्रतिद्वंद्वी बेन अज़ूले के खिलाफ यहूदी-विरोधी अपशब्दों का इस्तेमाल किया. इसी दौरान एक दर्शक को बड़े स्वास्तिक झंडे के साथ पकड़े जाने पर आयोजन स्थल से बाहर कर दिया गया.
घटना के बाद मिलर पर नस्लवादी और यहूदी-विरोधी विचारों को बढ़ावा देने के आरोपों को लेकर आलोचना हुई. Guardian की रिपोर्ट के अनुसार, मुकाबले के बाद दर्शकों के बीच कई झड़पें भी हुईं और मिलर ने एरिना के लाउडस्पीकर सिस्टम से अज़ूले को निशाना बनाया. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मिलर ने रिंग से कम से कम दो बार नाजी सलामी जैसी मुद्रा दिखाई.
शहर और नेताओं ने की घटना की निंदा
फ्लोरिडा की डेमोक्रेटिक राज्य प्रतिनिधि और ऑरलैंडो की मेयर पद की उम्मीदवार अन्ना एस्कामानी ने आयोजन की आलोचना की. उन्होंने कहा कि यह घटना समाज में चरमपंथ की मौजूदगी और यहूदी-विरोध, नस्लवाद तथा श्वेत वर्चस्व के खिलाफ कार्रवाई की जिम्मेदारी की याद दिलाती है.
एस्कामानी ने सार्वजनिक स्थलों के नियमों की समीक्षा की मांग करते हुए कहा कि अमेरिकी संविधान का First Amendment व्यापक अभिव्यक्ति की सुरक्षा देता है, लेकिन हिंसा को उकसाने वाले आचरण को रोकने के हर विकल्प पर विचार किया जाना चाहिए.
ऑरलैंडो के मेयर बडी डायर ने कहा कि शहर आयोजन से जुड़े संदेशों को खारिज करता है. उनके बयान के मुताबिक, Kia Center में नफरत के प्रतीक लाए गए, लेकिन ऑरलैंडो में नफरत के लिए जगह नहीं है. उन्होंने यहूदी-विरोध और हर तरह की नफरत के खिलाफ समुदाय के खड़े रहने की बात कही.
फ्लोरिडा के रिपब्लिकन सीनेटर और राज्य के पूर्व गवर्नर रिक स्कॉट ने भी घटना को बेहद परेशान करने वाला बताया और कहा कि फ्लोरिडा में यहूदी-विरोध के लिए कोई जगह नहीं है.
सार्वजनिक स्थल और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सवाल
Kia Center का संचालन करने वाली Orlando Venues ने कहा कि सार्वजनिक स्थल संचालक होने के कारण शहर किसी आयोजन को केवल उसके राजनीतिक विचार, विचारधारा या संदेश से असहमति के आधार पर रोक नहीं सकता. शहर ने प्रतिभागियों के विचारों से खुद को अलग बताया और कहा कि इवेंट नीतियों की समीक्षा की जाएगी, लेकिन संविधान का सम्मान करते हुए.
हालांकि, शहर ने इस सवाल पर आगे जानकारी नहीं दी कि स्थल की सख्त प्रवेश नीतियों के बावजूद एक व्यक्ति बड़े स्वास्तिक झंडे के साथ अंदर कैसे पहुंचा. Kia America, जो Kia Center की naming rights partner है, ने कहा कि वह स्थल के संचालन या सुरक्षा प्रोटोकॉल में शामिल नहीं है. कंपनी ने venue personnel की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और व्यवहार को सम्मान व गरिमा के उसके मूल्यों के विपरीत बताया.
दोनों फाइटरों का विवादित अतीत
रिपोर्ट के अनुसार, पॉल मिलर को Anti-Defamation League ने दक्षिणपंथी चरमपंथी और श्वेत वर्चस्ववादी बताया है. वह सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के लिए ‘Gypsy Crusader’ नाम का इस्तेमाल करता रहा है. अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, दोषी ठहराए जा चुके व्यक्ति के तौर पर अवैध रूप से हथियार रखने के मामले में उसे 41 महीने की जेल की सजा मिली थी.
बेन अज़ूले का भी विवादित अतीत रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2011 में उसे एक नाबालिग के यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में दोषी ठहराया गया था. फरवरी में कैलिफोर्निया के Beverly Hills Unified School District ने एक यहूदी छात्र क्लब को संबोधित करने की अनुमति दिए जाने पर माफी मांगी थी. जिला अधिकारियों ने कहा था कि उन्हें अज़ूले के सोशल मीडिया विचारों की पहले जानकारी होती तो उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी जाती.
इस मामले ने सार्वजनिक आयोजनों में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सुरक्षा नियमों और घृणा फैलाने वाले प्रतीकों के बीच संतुलन को लेकर बहस तेज कर दी है.
