फ्लाईदुबई की एक उड़ान में कथित कॉकपिट हमले के दौरान घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने कहा है कि यात्रियों की जान बचाने के लिए उन्हें गंभीर चोटों के बावजूद दोबारा खड़ा होना पड़ा. अबू धाबी के एक अस्पताल से भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉल में उन्होंने घटना का विवरण साझा किया.

मच्छर ने कहा, “मेरे शरीर पर बहुत चोटें थीं और मैं गिर गया था. एक समय मुझे अहसास हुआ कि अगर मैं नहीं उठा, तो यात्रियों की जान चली जाएगी.” बातचीत के दौरान वह भावुक भी हो गए. उनके सिर पर पट्टी बंधी थी और नाक में चिकित्सा ट्यूब लगी हुई थी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में सह-पायलट ने मच्छर पर चाकू से हमला किया. इसके बाद बोइंग 737 विमान तेज़ी से नीचे उतरने लगा. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे. इसके बाद कुछ यात्री अंदर पहुंचे और हमलावर को काबू करने में मदद की.

विमान में 182 लोग सवार थे. आपात स्थिति के कारण इसे उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़कर आपात लैंडिंग कराई गई. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमलावर ओमान का नागरिक है और सऊदी अरब में गिरफ्तार किया गया है. उसके हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है.

मच्छर ने बताया कि कठिन समय में उन्होंने शक्ति और साहस के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया. वह मुंबई से हैं और करीब चार वर्षों से फ्लाईदुबई के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले उन्होंने स्पाइसजेट में 11 वर्ष सेवा दी और वहां वरिष्ठ कमांडर तथा लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के रूप में काम किया.