दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के कथित चाकू हमले के बाद भारतीय कैप्टन स्मित मछार ने विमान को सुरक्षित उतारने में अहम भूमिका निभाई. विमान में 174 यात्री सवार थे. घटना के बाद विमान की सऊदी अरब के उत्तर-पश्चिमी शहर तबूक में आपात लैंडिंग कराई गई.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान कैप्टन मछार पर हमला किया गया और विमान तेजी से नीचे की ओर जाने लगा. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने स्थिति संभालने की कोशिश की. इसी दौरान कुछ यात्रियों के कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने की बात सामने आई है.
हमले के बाद कैप्टन मछार को अस्पताल ले जाया गया. रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, उनकी हालत स्थिर बताई गई है. दूतावास उनके परिवार और सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है.
न्यूजीलैंड के फ्लाइंग स्कूल ने की तारीफ
स्मित मछार ने न्यूजीलैंड के डुनेडिन स्थित मेनलैंड एयर फ्लाइंग स्कूल में 2008 से करीब 18 महीने तक प्रशिक्षण लिया था. संस्थान के CEO फिलिप कीन ने उन्हें असाधारण छात्र बताया. उनके अनुसार, मछार पढ़ाई और प्रशिक्षण में हमेशा आगे रहते थे.
कीन ने कहा कि मछार में मुश्किल परिस्थितियों से निकलने की असाधारण क्षमता है. विमान जिस तरह खतरनाक डाइव से पूरी तरह तबाह हुए बिना सुरक्षित निकला, वह उनके लिए ‘चमत्कार से कम नहीं’ है. उन्होंने मछार पर गर्व जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
भारत लौटने और अपना विमानन करियर शुरू करने के बाद भी मछार का फ्लाइंग स्कूल से संपर्क बना रहा. वे भारत में संस्थान के लिए भर्ती संबंधी काम भी देखते थे.
