फ्लाईदुबई की इजरायल जा रही उड़ान में को-पायलट द्वारा कथित हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा सकती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच में यह आशंका सामने आई है कि आरोपी को-पायलट का इरादा विमान को तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त करने का था.

यह घटना 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में हुई थी. UAE अधिकारियों के अनुसार, को-पायलट ने कॉकपिट में कप्तान पर हमला कर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की. विमान को आपात स्थिति में सऊदी अरब के तबुक में उतारा गया, जहां यात्रियों और चालक दल की मदद से स्थिति को संभाला गया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल ने UAE से कहा है कि जांच में फ्लाइट अटेंडेंट्स को भी शामिल किया जाए. इससे यह पता लगाने की कोशिश होगी कि कॉकपिट में हुई घटना से पहले और उसके दौरान क्या-क्या हुआ था. UAE ने इजरायल को उड़ान के यात्रियों और चालक दल की जानकारी साझा की थी. मामले की जांच जारी है और आरोपी के मकसद तथा सुरक्षा जांच में संभावित चूक की पड़ताल की जा रही है.