दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में कथित हमले के बाद यात्रियों और चालक दल ने सह-पायलट हमाम अल-हम्मामी को काबू कर लिया. सामने आए वीडियो में वह विमान के भीतर घुटनों के बल बैठा दिखाई दे रहा है और उसके हाथ पीछे की ओर बंधे हैं.
वीडियो में कुछ यात्री और चालक दल के सदस्य उसे पुलिस के हवाले किए जाने तक विमान में ही रखने की बात कहते सुनाई देते हैं. एक यात्री कथित तौर पर उसे छोड़ने से इनकार करता है और पुलिस के आने की मांग करता है.
इस घटना में भारतीय कप्तान स्मित मच्छर पर कॉकपिट के भीतर हमला किए जाने की बात सामने आई है. इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हस्तक्षेप कर सह-पायलट को रोकने में मदद की. विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग करानी पड़ी.
सऊदी अधिकारियों ने बाद में सह-पायलट को संयुक्त अरब अमीरात को सौंप दिया. यूएई, सऊदी अरब और इजरायल की एजेंसियां घटना के कारण, संभावित योजना और सुरक्षा चूकों की जांच कर रही हैं. अधिकारियों ने अभी हमले के मकसद पर अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है.
