फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार ने कॉकपिट के भीतर हुए हमले को याद करते हुए कहा है कि वह कई बार बेहोश हुए, लेकिन विमान में सवार लोगों की जान बचाने के लिए प्रयास करते रहे. उन्होंने बताया कि एक समय उन्हें लगा कि शायद वह बच नहीं पाएंगे, फिर भी उन्होंने खुद को संभालने की कोशिश जारी रखी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्काई न्यूज अरबिया को दिए इंटरव्यू में मछार ने कहा कि उनके सिर के पिछले हिस्से पर लगातार जोरदार वार किए गए. शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान की छत का कोई हिस्सा टूटकर गिरा है, लेकिन कुछ ही सेकंड में उन्हें समझ आया कि उन पर हमला किया जा रहा है. चोट के बाद उनकी नजर धुंधली हो गई और वह बार-बार होश खोने लगे.

उड़ान के दौरान हुआ हमला

यह घटना फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान FZ1073 में हुई. मछार के मुताबिक, उड़ान के करीब दो घंटे बाद को-पायलट हमाम अल हमामी ने नमाज पढ़ने की इच्छा जताई. मछार ने सम्मान के तौर पर अपना ध्यान दूसरी ओर किया. इसी दौरान उन पर हमला किया गया.

मछार ने सीट बेल्ट खोली और आगे होने वाले वार से बचने की कोशिश की. उनके हाथ में भी चोट आई. उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने के लिए स्विच तक पहुंचने और दूसरे कैप्टन को अंदर बुलाने का प्रयास किया. एक बार दरवाजा खुला, लेकिन हमलावर की धमकी के बाद वह फिर बंद हो गया.

इसके बाद मछार ने इंजन की आवाज और विमान की गति में बदलाव महसूस किया. उन्हें लगा कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है. उन्होंने बताया कि उनकी यादें घटना के बाद कई हिस्सों में बंटी हुई हैं और उन्हें खुद को कॉकपिट तथा गैली के बीच पड़ा हुआ होना याद है.

तबूक में हुई आपात लैंडिंग

घटना के दौरान यात्रियों, केबिन क्रू और ड्यूटी पर नहीं रहे कुछ पायलटों ने स्थिति संभालने में मदद की. इसके बाद अन्य पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला और उसे सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ा गया. विमान की आपात लैंडिंग के बाद उसमें सवार सभी 180 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. किसी की मौत नहीं हुई.

विमान उतरने के बाद को-पायलट को हिरासत में लिया गया. UAE के अटॉर्नी जनरल के अनुसार, जांच में यह आशंका सामने आई है कि को-पायलट विमान पर नियंत्रण हासिल कर उसे तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल से टकराने की योजना बना रहा था. अधिकारी मामले की जांच विमान हाईजैक करने की कोशिश के तौर पर कर रहे हैं. जांच अभी जारी है.

मछार का पहले तबूक के अस्पताल में इलाज हुआ और बाद में उन्हें आगे के उपचार के लिए अबू धाबी ले जाया गया. भारतीय दूतावास ने 6 अक्टूबर को उनकी सेहत में लगातार सुधार की जानकारी दी थी. मछार ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने सबसे पहले अपने दो साल के बेटे को फोन किया. उन्होंने सऊदी अरब और UAE में मिले इलाज और सहयोग के लिए आभार जताया.