फ्रांस ने ईरान पर देश के करीब 700 सुपरमार्केट को निशाना बनाकर साइबर हमला करने का आरोप लगाया है. फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बारो के अनुसार, अक्टूबर में हुए इस हमले में दुकानों के फ्रिज और फ्रीजर सिस्टम का तापमान बढ़ा दिया गया. इससे खाद्य सामग्री खराब हुई और दुकानदारों को बड़ी मात्रा में सामान फेंकना पड़ा.

फ्रांस ने ईरान के राजदूत को तलब करने और यूरोपीय संघ से ईरान पर प्रतिबंध लगाने की मांग करने की बात कही है. बारो ने कहा कि फ्रांस ने जवाबी कार्रवाई के सभी विकल्प खुले रखे हैं. उनके मुताबिक, इनमें कुछ ऐसे कदम भी हो सकते हैं, जिनकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी. उन्होंने इस घटना को फ्रांस की धरती पर अब तक के सबसे बड़े और आक्रामक साइबर हमलों में से एक बताया.

IRGC की साइबर यूनिट पर जांच

फ्रांसीसी सरकारी अभियोजक लॉर बेकुओ ने ईरान की Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) से जुड़ी साइबर यूनिट ‘शहीद कावे’ के खिलाफ जांच शुरू की है. इस यूनिट पर हमले के पीछे होने का आरोप है. इससे जुड़े दो अधिकारियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग भी की गई है. हालांकि, ये आरोप जांच के चरण में हैं.

फ्रांसीसी अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने इंटरनेट से जुड़े कूलिंग सिस्टम के वेब पेज के जरिए नियंत्रण हासिल किया. सिस्टम को बार-बार डीफ्रॉस्ट मोड में चलाया गया और तापमान बढ़ने की चेतावनी भी बंद कर दी गई.

ब्लड स्टोरेज सेंटर भी निशाने पर

1 नवंबर को फ्रांस के तीन ब्लड स्टोरेज सेंटरों की कूलिंग सेटिंग बदलने की कोशिश की गई. फ्रीजर का तापमान माइनस 30 डिग्री से बढ़ाकर 110 डिग्री करने का प्रयास बताया गया, लेकिन अलार्म सिस्टम ने समय रहते गड़बड़ी पकड़ ली. फ्रांस के अनुसार, इससे रक्त और प्लाज्मा के नमूनों को नुकसान नहीं हुआ. इस प्रयास के पीछे किसका हाथ था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.