फ्रांस में शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को होने वाले प्रदर्शनों से पहले सरकार ने देशभर में करीब 70,000 पुलिसकर्मियों और जेंडरमेरी जवानों की तैनाती का फैसला किया है. गृह मंत्री लॉरां नूनेज ने शुक्रवार को पेरिस में बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में हेलीकॉप्टर, बख्तरबंद वाहन और पानी की बौछार करने वाली गाड़ियां भी शामिल रहेंगी.
मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर हिंसा और दुकानों में लूटपाट के आह्वान प्रसारित हो रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि उसका लक्ष्य शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा करते हुए तोड़फोड़ और हिंसा को रोकना है.
सुरक्षा कारणों से लियोन, नीस और मोंपेलिए समेत कुछ शहरों में प्रदर्शनों पर रोक लगाई गई है. इसके बावजूद पेरिस और मार्सेई सहित कई अन्य स्थानों पर मार्च की संभावना है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 50 संगठनों ने दक्षिणपंथ के विरोध में प्रदर्शन का आह्वान किया है. यह कार्यक्रम मरीन ले पेन की राष्ट्रवादी और आव्रजन-विरोधी पार्टी के दो दिवसीय सम्मेलन के आसपास आयोजित किया जा रहा है.
