फ्रांस में हाईस्कूल छात्रों की शिक्षा संबंधी मांगों के समर्थन में शनिवार को पेरिस समेत कई बड़े शहरों में हजारों लोगों ने मार्च किया. प्रदर्शनों के बीच गृह मंत्री लॉरां न्युनेज ने बताया कि पुलिस ने 135 लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों के पास से कई तरह के हथियार और आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं.

सरकार के मुताबिक, देशभर में करीब 35,000 से 36,000 लोगों ने मार्च में हिस्सा लिया और 136 सार्वजनिक प्रदर्शन हुए. यह संख्या पिछले शनिवार के मुकाबले कम बताई गई है, जब करीब 60,000 लोगों के प्रदर्शन में शामिल होने का अनुमान दिया गया था. सरकार ने इस बार सुरक्षा बलों की तैनाती में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की और देशभर में करीब 70,000 पुलिसकर्मी लगाए.

पेरिस में प्रशासन ने मार्च का मार्ग अंतिम समय में बदलकर शहर के मध्य हिस्से से दूर कर दिया. प्रदर्शनकारी पोर्त द’इटली से पोर्त द वेंसां तक करीब 1.5 किलोमीटर के मार्ग पर आगे बढ़े. शहर में सुरक्षा कारणों से 24 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए. मार्च में छात्र, परिवार, कर्मचारी और सेवानिवृत्त लोग शामिल रहे.

मार्सेय, लियोन, टूलूज और लील में भी प्रदर्शन हुए. लियोन में पुलिस ने करीब 150 लोगों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया. मार्सेय में कुछ नकाबपोश प्रदर्शनकारियों पर कूड़ेदान फेंकने, पटाखे चलाने और सड़क पर आग जलाने का आरोप लगा. नीस में प्रतिबंध के बावजूद कई सौ लोगों के जुटने के बाद पुलिस ने उन्हें हटने का आदेश दिया. बोर्डो में भी प्रदर्शनकारी शहरव्यापी प्रतिबंध के बावजूद एकत्र हुए.

गृह मंत्री के अनुसार, पुलिस ने धातु की गेंदें, सीसे के छर्रे, आतिशबाजी, गुलेल, स्टील की गेंदें, देसी हथियार, एक कटाना और एयरसॉफ्ट हथियार जब्त किए. उन्होंने कहा कि अब तक कोई बड़ी घटना नहीं हुई है. हालांकि, पिछले सप्ताह के प्रदर्शनों में लूटपाट और हिंसा की घटनाओं के बाद इस बार सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई.

इन प्रदर्शनों की शुरुआत पेरिस में छात्रों के शिक्षा संस्थानों की खराब स्थिति के विरोध से हुई थी. छात्रों का कहना है कि स्कूल भवनों की मरम्मत की जरूरत है, शिक्षक कम वेतन और अधिक काम के दबाव में हैं तथा कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या बहुत अधिक है. वे विश्वविद्यालय प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े Parcoursup मंच को खत्म करने की भी मांग कर रहे हैं. छात्रों का आरोप है कि इस व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी है.

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को 20 छात्र प्रतिनिधियों से करीब ढाई घंटे मुलाकात की. छात्र संगठन के नेता नथानेल कोम्बारी ने कहा कि मैक्रों ने उनकी बातें ध्यान से सुनीं, लेकिन छात्र नेताओं ने सोमवार को प्रधानमंत्री से प्रस्तावित बदलावों पर बातचीत के बावजूद इस सप्ताहांत प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया. वामपंथी नेता ज्यां-लुक मेलोंशों ने भी पेरिस मार्च में भाग लिया और कहा कि मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन हर सप्ताह जारी रह सकते हैं.

फ्रांस के अलावा मैड्रिड में हजारों सेवानिवृत्त लोगों और अन्य प्रदर्शनकारियों ने पेंशन की सुरक्षा की मांग को लेकर मार्च किया. इटली में संभावित प्रदर्शनों से पहले मिलान में पुलिस ने कुछ घरों पर छापे मारे और रेलवे स्टेशनों पर पहचान जांच बढ़ाई. अल्बानिया की राजधानी तिराना में प्रधानमंत्री एदी रामा के इस्तीफे और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ. वहां हालिया झड़पों में 300 से अधिक लोगों के घायल होने और कई प्रदर्शनकारियों के हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है.