फ्रांस में बेहतर सीखने की परिस्थितियों की मांग को लेकर छात्रों, शिक्षकों और ट्रेड यूनियनों ने मंगलवार को बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देशभर में करीब 2.5 लाख लोग सड़कों पर उतरे.
प्रदर्शन में हाई स्कूल के छात्रों के साथ शिक्षक और यूनियन कार्यकर्ता भी शामिल हुए. मार्च के बाद कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच छिटपुट झड़पें हुईं.
इसी बीच, एक 14 वर्षीय छात्र पर पिछले सप्ताह कथित तौर पर नजदीक से आंसू गैस ग्रेनेड दागने के मामले में एक फ्रांसीसी पुलिसकर्मी पर हिंसा का आरोप लगाया गया है. अभियोजक ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी.
पेरिस में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है और वे सरकार से ठोस कार्रवाई चाहते हैं. प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए केवल आश्वासन पर्याप्त नहीं होंगे.
