फ्रांस में महंगाई, शिक्षा व्यवस्था और सरकार की प्रस्तावित बजट कटौती के विरोध में गुरुवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल और प्रदर्शनों की तैयारी है. ट्रेड यूनियनों का दावा है कि देशभर में लाखों लोग मार्च में शामिल हो सकते हैं. अस्पतालों, हवाई यातायात नियंत्रण, डाक सेवा, स्कूलों और रेल सेवाओं से जुड़े कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होने की उम्मीद है.

चार प्रमुख रेल यूनियनों ने सरकार की बजट योजना की आलोचना की है. उनके अनुसार, प्रस्तावित कटौतियां गरीबी बढ़ा सकती हैं, सामाजिक सुरक्षा को कमजोर कर सकती हैं, सरकारी कर्मचारियों के वेतन को प्रभावित कर सकती हैं और पर्यावरणीय निवेश के लिए उपलब्ध धन घटा सकती हैं. रेल ऑपरेटर SNCF ने क्षेत्रीय रेल सेवाओं और पेरिस महानगरीय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में व्यवधान की आशंका जताई है. बंदरगाहों पर भी असर पड़ने की संभावना है.

शिक्षा क्षेत्र में हाई स्कूल और विश्वविद्यालय के छात्र कक्षाओं में भीड़, स्कूल भवनों की खराब स्थिति और शिक्षण परिस्थितियों के विरोध में कई संस्थानों को अवरुद्ध कर रहे हैं. शिक्षा मंत्रालय के अनुमान के मुताबिक, नर्सरी और प्राथमिक विद्यालयों के लगभग 18 प्रतिशत शिक्षक हड़ताल कर सकते हैं. माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक संगठनों ने भी भागीदारी की उम्मीद जताई है.

विरोध प्रदर्शनों के बीच मानवाधिकार समूहों ने पुलिस व्यवस्था और प्रदर्शन स्थलों पर लगाई गई पाबंदियों पर सवाल उठाए हैं. कुछ शहरों में प्रदर्शन शहर के केंद्रों से बाहर रखने और कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगाए जाने की बात सामने आई है.

यह संकट राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के कार्यकाल के अंतिम महीनों में सामने आया है. विभाजित संसद में सरकार बजट पारित कराने की कोशिश कर रही है, जबकि देश का सार्वजनिक ऋण सकल घरेलू उत्पाद के करीब 120 प्रतिशत तक पहुंचने की बात कही गई है.