फ्रांस के उत्तरी हिस्से में रूआं और कैन के बीच चल रही यात्री ट्रेन शुक्रवार शाम पटरी से उतर गई. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार हादसे में कम से कम 44 लोग घायल हुए हैं. घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
फ्रांस के परिवहन मंत्री फिलिप तबारो के मुताबिक ट्रेन में 180 यात्री सवार थे. दुर्घटना नॉर्मंडी क्षेत्र में रूआं के दक्षिण में स्थित क्लेओं कम्यून के पास स्थानीय समयानुसार रात करीब 8 बजे से कुछ पहले हुई. हादसे के बाद अधिकारियों ने बड़े पैमाने पर जनहानि से निपटने वाली आपात योजना सक्रिय की.
घायलों में 18 वर्षीय एक महिला को हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया. उसकी हालत गंभीर बताई गई है. राहत और बचाव अभियान के लिए 140 दमकलकर्मियों और अन्य आपात सेवा दलों को घटनास्थल पर भेजा गया.
दुर्घटना के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है. फ्रांसीसी पुलिस ने क्लेओं के पास दुर्घटनास्थल को सील कर दिया और अधिकारियों ने लोगों से क्षेत्र से दूर रहने की अपील की.
तस्वीरों में यात्रियों को क्षतिग्रस्त ट्रेन से बाहर निकलते देखा गया. फ्रांसीसी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, ट्रेन के तीन डिब्बे पलट गए. सरकारी रेलवे संचालक SNCF ने क्षेत्र के रेल मार्गों पर बड़ी बाधाओं की जानकारी दी है और प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक बसों की व्यवस्था करने की बात कही है.
