फ्रांस में महंगाई, आर्थिक असमानता और सार्वजनिक सेवाओं की खराब स्थिति के खिलाफ शनिवार को देशभर में बड़े प्रदर्शन हुए. फ्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, करीब 4.1 लाख लोग सड़कों पर उतरे. ट्रेड यूनियनों ने प्रदर्शनकारियों की संख्या लगभग 8 लाख बताई है.

पेरिस में करीब 1.1 लाख लोगों ने मार्च में हिस्सा लिया. दिन का अधिकांश प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन बाद में कुछ जगहों पर झड़प की खबरें सामने आईं. पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया. ल्योन, मार्सिले, बोर्डो, लिले और नांत समेत कई शहरों में भी तनाव की स्थिति बनी.

मार्सिले में प्रदर्शनकारियों ने मेटल शीट्स से सड़क रोक दी और कुछ कूड़ेदानों में आग लगा दी. पुलिस के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर पत्थर और बोतलें भी फेंकीं.

पिछले सप्ताह हुई हिंसा को देखते हुए फ्रांस में करीब 70,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था. यह संख्या पिछले सप्ताहांत से 10,000 अधिक थी. गृह मंत्री लोरेंट नुनेज के अनुसार, शनिवार दोपहर तक 135 लोगों को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान आतिशबाजी का सामान, मेटल बॉल्स और हथियार के तौर पर इस्तेमाल की जा सकने वाली वस्तुएं बरामद होने की बात कही गई.

पेरिस में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने सुरक्षा बोर्ड लगाए. लूव्र और म्यूजियम डी'ऑर्से बंद रहे, जबकि एहतियातन 20 से अधिक मेट्रो स्टेशन भी बंद किए गए.