फ्रांस में गुरुवार, 5 नवंबर को महंगाई, कम वेतन, पेंशन और शिक्षा बजट जैसे मुद्दों को लेकर देशभर में प्रदर्शन हुए. दिनभर सड़कों पर विरोध के बाद रात में पेरिस के नेशन स्क्वायर पर अलग दृश्य देखने को मिला. यहां लोग रंग-बिरंगी झांकियों और जलती मशालों के साथ जुटे. आसमान में रोशनी छोड़ने वाले फ्लेयर्स भी दिखाई दिए.

हालांकि, पूरे दिन प्रदर्शन का माहौल शांत नहीं रहा. पेरिस और लियोन में कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की खबर है. प्रदर्शन समाप्त होने के दौरान कुछ लोगों ने आग भी लगाई, जिसे अधिकारियों ने बुझा दिया.

प्रदर्शनकारियों की संख्या पर अलग-अलग दावे

फ्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, देशभर के प्रदर्शनों में करीब 6 लाख लोग शामिल हुए. वहीं, प्रदर्शन आयोजित करने वाली यूनियनों में से एक CGT ने यह संख्या 16 लाख बताई. दोनों आंकड़ों में बड़ा अंतर है. प्रदर्शनों का उद्देश्य राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सरकार पर दबाव बढ़ाना बताया गया है. कई सरकारी कर्मचारियों ने एक दिन की हड़ताल भी की.

यह आंदोलन सितंबर में एक हाईस्कूल में कर्मचारियों की कमी के विरोध से शुरू हुआ था. शुरुआत में छात्रों ने स्कूलों की स्थिति सुधारने और शिक्षा के लिए अधिक बजट की मांग की थी. बाद में कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए और विरोध देश के कई शहरों तक फैल गया.

स्कूलों और सार्वजनिक सेवाओं पर असर

प्रदर्शन और हड़ताल के कारण फ्रांस में करीब एक-तिहाई हाईस्कूल बंद रहे या सामान्य रूप से काम नहीं कर सके. कुछ स्थानों पर छात्रों ने स्कूलों के रास्ते रोके, जबकि कई स्कूलों में शिक्षक हड़ताल पर रहे. कुछ इलाकों में सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित हुआ. पेरिस का एफिल टावर भी गुरुवार को बंद रहा.

आंदोलन में छात्रों के अलावा कर्मचारी और सेवानिवृत्त लोग भी शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि रोजमर्रा की चीजों की बढ़ती कीमतों के बीच वेतन और पेंशन में भी बढ़ोतरी की जाए.