अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस में जारी दंगों और प्रदर्शनों के लिए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की आव्रजन नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है. व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने दावा किया कि अगर मैक्रों ने उनकी पुरानी सलाह मानी होती तो फ्रांस में मौजूदा अशांति को टाला जा सकता था.

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मैक्रों को लंबे समय पहले फ्रांस में बड़ी संख्या में प्रवासियों को आने देने के खिलाफ चेताया था. इसी दौरान उन्होंने दावा किया कि पेरिस जल्द ही मुस्लिम शहर बन जाएगा. यह टिप्पणी फ्रांस की जनसांख्यिकी और आव्रजन को लेकर उनके विवादित राजनीतिक रुख को दर्शाती है.

हिंसा के बाद स्थानीय प्रतिबंध

सप्ताहांत में हुई हिंसा, लूटपाट और पुलिस के साथ झड़पों के बाद फ्रांस ने पेरिस, लिली, नीस और अन्य शहरों में स्थानीय स्तर पर कर्फ्यू तथा सार्वजनिक समारोहों पर प्रतिबंध लगाए. प्रधानमंत्री सेबास्तियन लेकोर्नू ने कहा कि फिलहाल पूरे देश में कर्फ्यू लगाने के बजाय लक्षित कदम अधिक उपयुक्त हैं, हालांकि आपातकाल घोषित करने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है.

पेरिस पुलिस ने सोमवार रात आठ बजे से राजधानी के कुछ क्षेत्रों में प्रदर्शनों पर रोक लगाई. प्लास द ला रिपब्लिक और लेस आॅल के आसपास रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लागू किया गया. इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया.

फ्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, हिंसा के दौरान करीब 2,400 लोगों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 1,000 पुलिसकर्मी घायल हुए. शनिवार को एक प्रदर्शनकारी की हृदयाघात से मौत हुई. व्यापार एवं खुदरा क्षेत्र के संगठन के मुताबिक, सप्ताहांत की हिंसा से करीब 3,000 दुकानें प्रभावित हुईं.

मैक्रों ने हिंसा और तोड़फोड़ की निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की जायज चिंताओं को हिंसक गतिविधियों से अलग रखा जाना चाहिए. उन्होंने स्थानीय प्रशासन को सार्वजनिक इमारतों और कारोबारों की सुरक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर प्रदर्शनों पर रोक लगाने का अधिकार देने की बात कही.