फ्रांस में एक बड़े साइबर हमले के दौरान कई सुपरमार्केट के कनेक्टेड रेफ्रिजरेशन सिस्टम को दूर से डिफ्रॉस्ट मोड में डाल दिया गया. इससे कुछ फ्रिजों का तापमान रातोंरात 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. हमले से देशभर के कई सौ स्टोर प्रभावित होने की बात कही गई है. खाद्य सामान के नुकसान और कुछ जगहों पर आग लगने की भी सूचना है.
पेरिस अभियोजक कार्यालय ने सोमवार को कहा कि हमला फ्रांस की कई प्रमुख खाद्य खुदरा कंपनियों के कनेक्टेड रेफ्रिजरेटरों को प्रभावित कर रहा है. प्रधानमंत्री सेबास्तियन लेकोर्नू ने राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसी ANSSI को जांच के निर्देश दिए हैं. फ्रांस यूरोपीय साझेदारों के साथ भी समन्वय कर रहा है, क्योंकि दूसरे देशों के प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया गया है.
Intermarché की मालिक Les Mousquetaires के अनुसार, उसके करीब 150 स्टोर प्रभावित हुए. कंपनी ने बताया कि कुछ फ्रिज लगभग छह घंटे तक 50 डिग्री सेल्सियस तक गर्म रहे. स्वास्थ्य जोखिम से बचने के लिए संबंधित खाद्य सामग्री फेंक दी गई. Coopérative U के प्रमुख डोमिनिक शेल्शर ने इस घटना को ताजा उत्पादों और खाद्य आपूर्ति से जुड़े जरूरी उपकरणों को निशाना बनाने वाला गंभीर और अभूतपूर्व हमला बताया.
रिपोर्टों के अनुसार, Carrefour, Monoprix और Auchan समेत अन्य श्रृंखलाओं पर भी असर की जांच की जा रही है. E Leclerc के कई स्टोरों में रेफ्रिजरेशन सिस्टम का जबरन डिफ्रॉस्टिंग मोड सक्रिय किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि कंपनी की ओर से तत्काल पुष्टि नहीं हुई.
नीदरलैंड और बेल्जियम तक असर की आशंका
Ahold Delhaize ने अपने नेटवर्क में एक सुरक्षा समस्या की जानकारी दी और बचाव के लिए कुछ सिस्टम ऑफलाइन कर दिए. Albert Heijn के स्टोर खुले रहे, लेकिन उसका ऐप, डिलीवरी सिस्टम और कई इलेक्ट्रॉनिक प्राइस टैग प्रभावित हुए. फ्रांस और नीदरलैंड की घटनाओं के बीच संबंध अभी स्पष्ट नहीं है.
ANSSI ने Danfoss के रेफ्रिजरेशन प्रबंधन सॉफ्टवेयर में संभावित कमजोरी की पहचान की है. Danfoss ने कहा कि प्रभावित यूनिट पुराने फर्मवेयर पर चल रही थीं और ग्राहकों को समर्थित सिस्टम अपडेट करने की सलाह पहले से दी जाती रही है.
