फ्रांस में जीवन-यापन की बढ़ती लागत और सरकार की नीतियों के खिलाफ शनिवार को येलो वेस्ट और विभिन्न युवा संगठनों ने देशभर में प्रदर्शन किए. गृह मंत्रालय के अनुसार, इन प्रदर्शनों में 1.06 लाख लोग शामिल हुए, जिनमें 24 हजार पेरिस में थे. पिछले सप्ताह देशभर में 1.46 लाख और पेरिस में 46 हजार लोगों के शामिल होने का सरकारी अनुमान था.
छात्र संगठनों ने शनिवार के प्रदर्शनों में शामिल लोगों की संख्या करीब 2 लाख बताई. उनके अनुसार, राजधानी पेरिस में लगभग 1 लाख लोग सड़कों पर उतरे. इस तरह प्रदर्शनकारियों की संख्या को लेकर सरकारी और आयोजक संगठनों के आंकड़ों में बड़ा अंतर रहा.
प्रदर्शनकारी कम वेतन, महंगाई, शिक्षा के गिरते स्तर और पुलिस हिंसा के खिलाफ नारे लगाते रहे. कुछ प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खिलाफ भी पोस्टर और नारे लगाए. अधिकारियों के अनुसार, शनिवार के प्रदर्शन पिछले सप्ताहों की तुलना में अपेक्षाकृत शांत रहे, हालांकि कई शहरों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की खबरें सामने आईं.
कई शहरों में पुलिस कार्रवाई
फ्रांस के दूसरे सबसे बड़े शहर मार्सेई में सप्ताहांत के लिए प्रदर्शन पर रोक लगाई गई थी. इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन के अनुसार करीब 3,500 लोग सड़कों पर पहुंचे. स्थानीय मीडिया ने आंसू गैस और वाटर कैनन के इस्तेमाल की जानकारी दी.
लियोन में करीब 8,000 लोगों के प्रदर्शन में शामिल होने की खबर है. वहां नकाब पहने प्रदर्शनकारियों, सड़क पर जलती आग और पुलिस कार्रवाई की तस्वीरें सामने आईं. नांत, बोर्डो और पेरिस में भी आंसू गैस के इस्तेमाल की खबरें आईं.
देश में एक महीने से अधिक समय से हाई-स्कूलों की नाकेबंदी, सामूहिक प्रदर्शन और हड़तालें जारी हैं. यूनियनों ने मंगलवार को फिर हड़ताल का आह्वान किया है. उन्होंने न्यूनतम वेतन में 0.6 प्रतिशत बढ़ोतरी के सरकार के वादे को अपर्याप्त बताते हुए खारिज किया है. मंगलवार का दिन 2018 में शुरू हुए येलो वेस्ट आंदोलन की आठवीं वर्षगांठ भी होगा.
