अमेरिका के अटलांटा में चल रही G20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में ग्रुप फोटो सेशन रद्द कर दिया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूरोपीय देशों ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ तस्वीर खिंचवाने पर आपत्ति जताई थी. कुछ देशों ने फोटो सेशन से बाहर रहने की चेतावनी भी दी थी.
यह विरोध रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर हुआ. बैठक का बाकी कार्यक्रम पहले से तय योजना के अनुसार जारी रहा. रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में शामिल लगभग एक-तिहाई देशों ने रूस के किसी प्रतिनिधि के साथ तस्वीर खिंचवाने से इनकार किया. जर्मनी के विदेश मंत्री योहान वाडेफुल ने कहा कि रूस के साथ अब सामान्य संबंध नहीं हैं. ब्रिटेन के विदेश मंत्री एड मिलिबैंड ने भी कहा कि उनका देश कई वर्षों से रूस के साथ ऐसी तस्वीर नहीं खिंचवाता.
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने यूक्रेन पर रूस के हमले की आलोचना की. उन्होंने कहा कि युद्ध का असर अंतरराष्ट्रीय बाजारों और वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर पड़ा है. ऑस्ट्रेलिया ने फोटो सेशन रद्द करने के अमेरिकी फैसले का समर्थन किया.
जयशंकर ने कूटनीति और आपूर्ति श्रृंखला का मुद्दा उठाया
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों का समाधान सैन्य कार्रवाई के बजाय कूटनीति से किया जाना चाहिए. उन्होंने आतंकवाद के खतरे, समुद्री मार्गों पर जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और नाविकों पर हमले रोकने की जरूरत पर जोर दिया.
जयशंकर के अनुसार, समुद्री मार्गों में बाधा और आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव का सबसे अधिक असर ग्लोबल साउथ के देशों पर पड़ रहा है. इससे ईंधन, खाद्य पदार्थों और उर्वरकों की उपलब्धता तथा कीमतें प्रभावित हो रही हैं.
बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध के अलावा ईरान से जुड़े संघर्ष, अमेरिकी टैरिफ और चीन की गतिविधियों पर भी चर्चा की संभावना है. दक्षिण अफ्रीका और यूक्रेन को इस बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया. दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यह फैसला उनके देश का अपना नहीं था. अमेरिकी मीडिया के अनुसार, यह कदम दोनों देशों के बीच राजनयिक विवाद के बाद उठाया गया, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने अमेरिका के आरोपों को खारिज किया है.
