अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन के बालों का एक गुच्छा नीलामी में 4,000 डॉलर यानी करीब 3.71 लाख रुपये में बिका है. नीलामी शनिवार को हुई. इसे खरीदने वाले व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.

रिचमंड ऑक्शन के मुताबिक, यह ऐतिहासिक निशानी वॉशिंगटन की मृत्यु से कुछ समय पहले की घटनाओं से जुड़ी बताई जाती है. जॉन गैड्स्बी ने 1799 में वर्जीनिया के अलेक्जेंड्रिया में वॉशिंगटन के लिए डिनर आयोजित किया था. गैड्स्बी के पास वॉशिंगटन के बाल थे, जिन्हें बाद में एक फ्रेम में लगाकर उनके घर में वॉशिंगटन की तस्वीर के नीचे रखा गया.

इन बालों का वॉशिंगटन से संबंध गैड्स्बी की पोती जूलिया टेन आइक मैकब्लेयर के 1928 के लिखित बयान में बताया गया था. उनके अनुसार, गैड्स्बी और वॉशिंगटन के बीच दोस्ताना संबंध थे और इसी वजह से गैड्स्बी को उनके बाल मिले थे. मैकब्लेयर ने लिखा था कि उन्होंने बचपन से इन बालों को घर में फ्रेम के भीतर देखा था.

रिचमंड ऑक्शन के अनुसार, गैड्स्बी ने 1798 और 1799 में वॉशिंगटन के जन्मदिन के आयोजनों की मेजबानी भी की थी.

पहले भी ऊंची कीमत पर बिक चुके हैं बाल

जॉर्ज वॉशिंगटन के बालों की नीलामी का यह पहला मामला नहीं है. 2021 में उनके तीन बाल करीब 40,000 डॉलर में बेचे गए थे. माना गया था कि वे उनकी मृत्यु के आसपास या उसके बाद काटे गए थे और एक लॉकेट में सुरक्षित रखे गए थे.

वॉशिंगटन के बालों के कम से कम 50 नमूने माउंट वर्नोन के संग्रह में भी मौजूद हैं. माउंट वर्नोन की वेबसाइट के एक ब्लॉग के अनुसार, 19वीं सदी में लोग दोस्तों और परिजनों के बालों को यादगार के तौर पर फ्रेम या लॉकेट में सुरक्षित रखते थे.

वॉशिंगटन से जुड़ी अन्य ऐतिहासिक वस्तुएं भी नीलामी में ऊंची कीमत पर बिक चुकी हैं. जुलाई में 1776 में लिखी उनकी एक चिट्ठी 1,09,800 डॉलर में बिकी थी.

वॉशिंगटन ने अमेरिकी स्वतंत्रता संग्राम में सेना का नेतृत्व किया था और 1789 में अमेरिका के पहले राष्ट्रपति बने. उन्होंने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद 1797 में पद छोड़ा.