दक्षिणी जर्मनी के बवेरिया में एडोल्फ हिटलर के पूर्व पर्वतीय ठिकाने ‘ईगल्स नेस्ट’ में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई. जर्मन पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को अस्थायी हिरासत में लिया है, हालांकि आग में उसकी भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस के अनुसार, घटना में कोई घायल नहीं हुआ.
आग ओबर्साल्ज़बर्ग पर्वत की चोटी पर स्थित केहल्स्टाइनहाउस इमारत में लगी. यह स्थल समुद्र तल से करीब 1,834 मीटर की ऊंचाई पर है, जिसके कारण दमकलकर्मियों को अभियान में कठिनाई का सामना करना पड़ा. आग बुझाने के लिए छह नगरपालिकाओं से करीब 200 दमकलकर्मी भेजे गए. बवेरियन रेड क्रॉस, स्थानीय पर्वतीय बचाव दल और पुलिस ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया.
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 9.15 बजे धुआं पहचानने वाले सेंसर से अग्नि-सूचना मिली. दमकलकर्मी लगभग 9.50 बजे पहुंचे, तब तक पूरी इमारत आग की लपटों में घिर चुकी थी. शनिवार सुबह तक आग काफी हद तक बुझ गई थी, लेकिन इमारत से धुआं उठता रहा. एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि परिसर को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है और इमारत के बचने की संभावना कम है.
आग लगने का आधिकारिक कारण अभी जारी नहीं किया गया है. जांचकर्ता आगजनी की आशंका की भी जांच कर रहे हैं. स्थानीय पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल की ओर जाते समय एक मोटरसाइकिल सवार को पकड़ा था, लेकिन अधिकारियों ने उसकी पहचान या संभावित भूमिका के बारे में जानकारी नहीं दी.
केहल्स्टाइनहाउस का निर्माण 1937 से 1938 के बीच नाजी शासन ने कराया था और 1939 में हिटलर के जन्मदिन पर इसका औपचारिक उद्घाटन हुआ. यह इमारत अब नाजी इतिहास और उस शासन की विरासत को दर्शाने वाले स्थल के रूप में संरक्षित थी. वर्ष 1952 से यहां एक ऐतिहासिक प्रदर्शनी और रेस्तरां भी संचालित होते थे.
