अमेरिका में भारतीय मूल की सिख महिला हरजीत कौर के निर्वासन के बाद सांसदों ने लंबे समय से देश में रह रहे अप्रवासियों की सुरक्षा के लिए नया विधेयक पेश किया है. Protect Our Neighbors Act को डेमोक्रेटिक सांसद जॉन गारामेंडी, लेटिफा साइमन, जो लोफग्रेन और जुआन वर्गास ने पेश किया.

प्रस्ताव के तहत उन लोगों के अंतिम निर्वासन आदेश 10 साल बाद समाप्त करने की बात कही गई है, जो लगातार अमेरिका में रह रहे हैं और किसी अपराध में दोषी नहीं ठहराए गए हैं. ऐसे लोगों को शुल्क और कर भुगतान की स्थिति की पुष्टि के साथ स्थायी निवास यानी ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन का रास्ता देने का भी प्रस्ताव है.

73 वर्षीय हरजीत कौर 1990 के दशक की शुरुआत से कैलिफोर्निया में रह रही थीं. 2012 में उनका शरण आवेदन खारिज होने के बाद वह 13 साल से अधिक समय तक हर छह महीने में ICE के सामने रिपोर्ट करती रहीं. 8 सितंबर 2025 को नियमित चेक-इन के दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया और 19 सितंबर को भारत निर्वासित कर दिया गया.

कौर के परिवार ने उनके हिरासत और निर्वासन के दौरान कथित दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं. प्रस्तावित कानून अभी विधायी प्रक्रिया के शुरुआती चरण में है और इसके पारित होने की स्थिति स्पष्ट नहीं है.