होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास जहाजों पर हमलों के बीच 18 नवंबर को भारतीय नाविकों वाले एक और तेल टैंकर को निशाना बनाया गया. लाइबेरिया के झंडे वाला कच्चे तेल का टैंकर MT NAVIG8 MESSI फारस की खाड़ी से होर्मुज की ओर बढ़ रहा था, तभी उस पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ.

केंद्रीय जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के अनुसार, टैंकर पर तीन भारतीय नाविक सवार थे और सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं. एक भारतीय अधिकारी को उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है. अभी किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.

सोनोवाल ने बताया कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. अधिकारियों का जहाज का संचालन करने वाली कंपनी से संपर्क बना हुआ है, ताकि नाविकों की सुरक्षा, चिकित्सा देखभाल और कल्याण सुनिश्चित किया जा सके.

दो दिन में दूसरी घटना

इससे पहले 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर TARA GAS को भी होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय निशाना बनाया गया था. इस घटना की जानकारी 17 नवंबर को सामने आई थी. TARA GAS के 25 सदस्यीय क्रू में 24 भारतीय नागरिक थे और हमले के बाद सभी भारतीय सुरक्षित बताए गए थे.

ताजा घटना के पीछे किसका हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है. प्रोजेक्टाइल की प्रकृति और टैंकर को हुए नुकसान का विस्तृत विवरण भी जारी नहीं किया गया है. लगातार हो रहे हमलों से इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है. होर्मुज जलडमरूमध्य से वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है, जबकि भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों के लिए इस मार्ग पर काफी निर्भर है.